बड़ीसादड़ी में भगवान धरणीधर जयंती पर धाकड़ समाज ने निकाली विशाल वाहन रैली
कृषि उपज मंडी से शुरू हुई शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत हुआ, सूर्यसागर तालाब पर धर्म सभा आयोजित की गई।
तस्वीर में बड़ीसादड़ी में आयोजित धर्म सभा में बैठे लोग और मंच पर संत दिखाई दे रहे हैं।
बड़ीसादड़ी में भगवान धरणीं धर की जयंती के अवसर पर बुधवार को धाकड़ समाज के 13 गांवों की विशाल शोभायात्रा एवं वाहन रैली निकाली गई। रैली में करीब 500 बाइक और 400 ट्रैक्टर शामिल हुए। कृषि उपज मंडी प्रांगण से शुरू हुई इस रैली का पूरे मार्ग में विभिन्न चौराहों पर पुष्प वर्षा, शीतल पेय और फल वितरण कर भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह स्वागत द्वार भी लगाए गए।
रैली के निकलते ही जलदाय विभाग कार्यालय के सामने विनोद भाई के नेतृत्व में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। राजस्थान ग्रामीण बैंक के सामने पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी द्वारा पुष्प वर्षा की गई। झाला मन्ना चौराहे पर विवेकानंद स्कूल परिवार के पूरण गिरी गोस्वामी तथा प्रताप मुनि ज्ञानलय गली के सामने राजस्थान सरकार के सहकारिता व नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक के नेतृत्व में पूरी नगर भाजपा टीम ने रैली का स्वागत किया।
घंटाघर चौराहे पर कांग्रेस प्रत्याशी बद्रीलाल जाट एवं उनकी पूरी नगर कांग्रेस टीम ने स्वागत किया। थाने के सामने नूरुद्दीन एवं कुतुबुद्दीन द्वारा पुष्प वर्षा की गई। घंटाघर चौराहे पर रैली के स्वागत के दौरान लगभग 1 घंटे तक रास्ता जाम रहा। इस दौरान धाकड़ समाज के युवा-युवतियां ट्रैक्टर और दुपहिया वाहनों के साथ तिरंगा तथा भगवा झंडे लहराते नजर आए।
वाहन रैली में डीजे के साथ विभिन्न ट्रैक्टरों में भगवान की विभिन्न झांकियों के दर्शन हुए। पुष्प वर्षा के कारण सड़क फूलों से ढक गई। इसके बाद वाहन रैली नगर के सूर्यसागर तालाब की पाल पर पहुंची, जहां धाकड़ समाज के हनुमान मंदिर पर आरती के बाद धर्म सभा का आयोजन किया गया।
धर्म सभा में मुख्य वक्ता स्वामी सुदर्शनाचार्य एवं रामद्वारा के स्वामी अनंतराम महाराज ने धाकड़ समाज के आराध्य शेषावतार भगवान बलराम के जीवन चरित्र के बारे में जानकारी दी। उन्होंने समाज को एकजुट रहने तथा शिक्षा के साथ-साथ संस्कार एवं धर्म के मार्ग पर चलने की बात कही।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ जन उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से देलवास सरपंच गोपाल धाकड़, मूंजवा सरपंच प्रतिनिधि देवनारायण धाकड़, पांडेड़ा सरपंच शौकीन धाकड़, लक्ष्मीपुरा सरपंच प्रहलाद धाकड़, उमेदपुरा सरपंच ईश्वर धाकड़, शंभू लाल, सतपाल, हरीश, मोहन, लाभचंद, प्रभु लाल, मांगीलाल, गोपाल धाकड़ों का खेड़ा, संतोष धाकड़ तलावदा, ईश्वर धाकड़ लक्ष्मीपुरा, राजेश धाकड़ वर्दी और चन्द्राकर जयसिंहपुरा सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं महिला शक्ति उपस्थित रही।