राजस्थान क्षेत्रीय दैनिक समाचार पत्र महासंघ की नई कार्यकारिणी गठित, चौहान प्रदेश अध्यक्ष
राजस्थान क्षेत्रीय दैनिक समाचार पत्र महासंघ की उदयपुर में हुई बैठक में नई कार्यकारिणी गठित की गई। मानवेन्द्र सिंह चौहान को प्रदेश अध्यक्ष, अजय आचार्य को महासचिव और नितेश गर्ग को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
तस्वीर में बाएं से मानवेन्द्र सिंह चौहान, अजय कुमार आचार्य और नितेश गर्ग नजर आ रहे हैं.
निम्बाहेडा। राजस्थान क्षेत्रीय दैनिक समाचार पत्र महासंघ की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को उदयपुर स्थित आरटीडीसी कजरी होटल में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से दैनिक समाचार पत्रों के प्रकाशक और मालिक शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्रीय दैनिक समाचार पत्रों से जुड़े विभिन्न विषयों और चुनौतियों के साथ संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में दैनिक सीधा सवाल, चित्तौड़गढ़ के प्रकाशक मानवेन्द्र सिंह चौहान को राजस्थान क्षेत्रीय दैनिक समाचार पत्र महासंघ का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया। दैनिक रणवीर राजस्थान, सिरोही के प्रकाशक-संपादक अजय कुमार आचार्य को प्रदेश महासचिव तथा दैनिक वागडदूत, डूंगरपुर के संपादक नितेश गर्ग को प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके साथ ही दैनिक पुकार, उदयपुर के प्रकाशक-संपादक लोकेश कुमार आचार्य, उदयपुर एक्सप्रेस के प्रकाशक प्रमोद खाब्या और खबर सम्राट के शांतिलाल सिरोया को महासंघ के संरक्षक मंडल में सम्मिलित किया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि महासंघ प्रदेश के क्षेत्रीय दैनिक समाचार पत्रों के हितों को मजबूती से सामने रखेगा। साथ ही प्रकाशकों और समाचार पत्र संचालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महासंघ प्रभावी भूमिका निभाएगा।