तस्वीर में जिला कलक्टर डॉ. मंजू और अन्य अधिकारी निंबाहेड़ा में प्रस्तावित यात्रा स्थल का निरीक्षण करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

निंबाहेड़ा में 16 अगस्त को प्रस्तावित केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री एवं मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार को निंबाहेड़ा पहुंचकर हेलीपैड, मूर्ति अनावरण स्थल और मुख्य सभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों से प्रस्तावित यात्रा को लेकर की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि माननीय अतिथियों की प्रस्तावित यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण एवं सुनिश्चित की जाएं।

जिला कलक्टर ने हेलीपैड, सभा स्थल, आवागमन, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत और साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान आमजन एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं पुख्ता रखी जाएं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रस्तावित यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।

इस दौरान आबकारी अधिकारी उदयपुर प्रभा गौतम, उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Tags: