तस्वीर में बड़ी सादड़ी राजकीय महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन के बाहर एनएसयूआई कार्यकर्ता और विद्यार्थी अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।

बड़ी सादड़ी में राजकीय महाविद्यालय परिसर में आरएसएस द्वारा आयोजित युवा सम्मेलन के विरोध सहित विद्यार्थियों की शिक्षा और महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर एनएसयूआई ने प्रदर्शन किया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर कॉलेज परिसर के उपयोग को लेकर स्पष्ट नियम बनाने की मांग रखी।

ज्ञापन में मांग की गई कि राजकीय महाविद्यालय बड़ी सादड़ी परिसर का उपयोग केवल शैक्षणिक एवं शिक्षा संबंधी गतिविधियों के लिए किया जाए। निजी एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों के लिए कॉलेज परिसर की अनुमति को लेकर स्पष्ट नियम बनाए जाएं तथा विद्यार्थियों के हितों और शैक्षणिक वातावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

इसके साथ ही एनएसयूआई कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने उपखंड अधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा। इसमें पूरे मामले में उचित कार्रवाई करने तथा भविष्य में महाविद्यालय परिसर में ऐसे कार्यक्रमों की अनुमति को लेकर स्पष्ट एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

एनएसयूआई ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि महाविद्यालय शिक्षा का मंदिर है, किसी भी संगठन का मंच नहीं। विद्यार्थियों के अधिकार और शिक्षा के सम्मान के लिए एनएसयूआई हमेशा आवाज उठाती रहेगी।

Tags: