निम्बाहेड़ा भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान आगामी 16 अगस्त को प्रस्तावित अटल गौरव स्मृति समारोह की व्यवस्थाओं पर चर्चा करते सांसद सीपी जोशी, जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी व अन्य।

निम्बाहेड़ा में 16 अगस्त रविवार को आयोजित होने वाले अटल गौरव स्मृति समारोह को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे तथा सभा की व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, निम्बाहेड़ा पर भाजपा जिला चित्तौड़गढ़ की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी मुख्य अतिथि रहे, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी ने अध्यक्षता की। बैठक में 16 अगस्त के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि 16 अगस्त का अटल गौरव स्मृति समारोह निम्बाहेड़ा के लिए ऐतिहासिक अवसर है। अमित शाह तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निम्बाहेड़ा आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है।

कृपलानी ने सभा स्थल की व्यवस्थाओं, मंच, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, पेयजल और बैठने की व्यवस्था सहित विभिन्न तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने और अधिकाधिक संख्या में आमजन एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अटल जी की स्मृति को समर्पित यह समारोह उनके राष्ट्रसेवा, सुशासन एवं राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समारोह को भव्य, व्यवस्थित एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।

सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी ने कहा कि 16 अगस्त को निम्बाहेड़ा में होने वाला अटल गौरव स्मृति समारोह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। अमित शाह एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का निम्बाहेड़ा आगमन कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और ऊर्जा का अवसर है। उन्होंने कहा कि अटल जी के राष्ट्रवादी विचारों और उनके द्वारा स्थापित राजनीतिक मूल्यों को स्मरण करते हुए आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

जोशी ने जिला पदाधिकारियों एवं मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं से अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाने, बूथ स्तर तक संपर्क एवं समन्वय बढ़ाने तथा अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता व्यवस्था, अनुशासन और कार्यकर्ताओं के समर्पित प्रयासों से सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा ने कहा कि 16 अगस्त का कार्यक्रम केवल एक समारोह नहीं, बल्कि संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की सक्रियता प्रदर्शित करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की तैयारियों के साथ-साथ आगामी पंचायतीराज एवं निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने में जुटने का आह्वान किया।

जोधा ने कहा कि आने वाले चुनावों में पार्टी की सफलता के लिए प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय टीम, मतदाता संपर्क और आपसी समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने मंडल एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित संपर्क बढ़ाने तथा पार्टी की रीति-नीति एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त का अटल गौरव स्मृति समारोह कार्यकर्ताओं के लिए आगामी चुनावों की तैयारियों को गति देने का भी अवसर है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कार्यक्रम की जिम्मेदारियों को निभाते हुए संगठनात्मक दृष्टि से प्रत्येक बूथ को सक्रिय करने तथा पंचायतीराज एवं निकाय चुनावों के लिए अभी से मजबूत तैयारी करने का आह्वान किया।

बैठक को भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, भाजपा जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या एवं पूर्व प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी सक्रियता और समन्वय के साथ जुटने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा, निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, पूर्व जिला प्रमुख सुशीला जीनगर, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री बद्रीलाल जाट सिंहपुर, प्रदेश प्रकोष्ठ सह प्रभारी श्रवण सिंह राव, भाजयुमो प्रदेश मंत्री कृष्णपाल सिंह चुंडावत, जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, कैलाश मंत्री एवं झालावाड़ विधानसभा प्रभारी सागर सोनी सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने 16 अगस्त को निम्बाहेड़ा में प्रस्तावित अटल गौरव स्मृति समारोह को लेकर सौंपे गए दायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ निभाने तथा अधिकाधिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री रघु शर्मा ने किया, वहीं बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Tags: