बड़ी सादड़ी में विद्यार्थियों को मिली विद्यालय पोशाक, 27 बच्चों को भामाशाहों ने दिए कपड़े
बड़ी सादड़ी के महुडीवालाघर स्कूल में 27 विद्यार्थियों को निशुल्क पोशाकें मिलीं। भामाशाहों ने 16 बालकों और 11 बालिकाओं के लिए सहयोग दिया।
बड़ी सादड़ी के राप्रावि महुडीवालाघर में स्वतंत्रता दिवस पूर्व आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीईईओ अमृत लाल रेगर व शिक्षकों की उपस्थिति में पोशाकें प्राप्त करते विद्यार्थी।
बड़ी सादड़ी के ग्राम पंचायत रतीचंद जी का खेड़ा स्थित राप्रावि महुडीवालाघर में गुरुवार को समस्त नामांकित विद्यार्थियों को विद्यालय पोशाक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पीईईओ अमृत लाल रेगर मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नित्य जीवन में अनुशासन और स्वावलम्बन का महत्व समझाते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन जीना चाहिए, क्योंकि अधिकांश अनुशासित विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता प्राप्त करते हुए उन्नति करते हैं।
संस्था प्रधान ओमप्रकाश जनवा के आग्रह पर पूर्व पार्षद सुरेश सुथार ने समस्त नामांकित विद्यार्थियों को पोशाक भेंट करने की सिफारिश की थी। इस आग्रह के अनुसार भामाशाह राजेंद्र भारद्वाज, हालमुकाम उदयपुर, ने स्वतंत्रता दिवस से पूर्व दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र के विद्यालय में नामांकित समस्त 16 बालकों के लिए विद्यालय पोशाक भेंट उपहार स्वरूप दी।
वहीं 11 बालिकाओं के लिए भामाशाह देवेंद्र व्यास, सेवानिवृत्त डिपो मैनेजर, राज. रोडवेज, द्वारा निशुल्क पोशाक की व्यवस्था की गई। इस प्रकार विद्यालय के समस्त नामांकित विद्यार्थियों को पोशाक उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में संस्था प्रधान सहित शिक्षक प्रभु लाल मीणा ने आगंतुक अतिथियों किशोर मेघवाल, नितेश वैष्णव तथा संस्था प्रधान एम जीजी एस गुंडलपुर का तिलक, माल्यार्पण एवं उपरणा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन चक्रवीर सिंह बाघेला ने किया। आगंतुक अतिथियों एवं भामाशाह प्रतिनिधि सुरेश सुथार का आभार संस्था प्रधान ओमप्रकाश जनवा ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुकेश मीणा, मंजू मीणा, भेरू सिंह मीणा, नारायण सिंह मीणा सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए स्वतंत्रता दिवस से पूर्व पोशाक वितरण कार्यक्रम में भामाशाहों के सहयोग से विद्यालय के सभी 27 नामांकित विद्यार्थियों को पोशाक उपलब्ध कराई गई।