चित्तौड़गढ़ के बड़ीसादड़ी में राजकीय महाविद्यालय के शिलान्यास और तिरंगा वाहन रैली के आयोजन की तैयारियों को लेकर पंचमुखी बालाजी क्षेत्र का दृश्य।

बड़ीसादड़ी। राष्ट्रभक्ति और विकास के उत्सव के रूप में शुक्रवार को बड़ीसादड़ी में तिरंगा वाहन रैली, राजकीय महाविद्यालय के शिलान्यास एवं जनसभा का आयोजन किया जाएगा। सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक के सानिध्य में होने वाले इस आयोजन को लेकर नगरवासियों में उत्साह है।

भाजपा नगर अध्यक्ष धनपाल मेहता ने बताया कि प्रातः 10:30 बजे राजकीय महाविद्यालय के शिलान्यास समारोह के बाद तिरंगा वाहन रैली पंचमुखी बालाजी से प्रारंभ होगी। रैली शिकारवाड़ी, कोर्ट, नीमच रोड, घंटाघर एवं झालामन्ना सर्कल होते हुए कृषि उपज मंडी पहुंचेगी। यहां विशाल जनसभा आयोजित होगी।

उन्होंने नगरवासियों, युवाओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा वाहन रैली में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है और इस यात्रा के माध्यम से एकता, राष्ट्रभक्ति एवं सकारात्मक सोच का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

शिलान्यास समारोह, तिरंगा वाहन रैली और कृषि उपज मंडी में होने वाली जनसभा के साथ बड़ीसादड़ी में शुक्रवार का आयोजन राष्ट्रभक्ति और विकास से जुड़े कार्यक्रमों के रूप में सामने आएगा।

Tags: