बड़ीसादड़ी उपखंड के देवदा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व विद्यार्थियों ने पेड़-पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में पूर्व में लगाए गए पेड़-पौधों को छात्राओं ने रक्षा सूत्र बांधते हुए उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया। शिक्षकों, ग्रामवासियों एवं विद्यार्थियों के प्रयास से विद्यालय में वर्तमान में एक हजार से अधिक पेड़-पौधे पुष्पित एवं पल्लवित हो रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन किया और पेड़-पौधों को रक्षा सूत्र बांधे। छात्राओं ने पेड़-पौधों को अपना रक्षक मानते हुए उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया।

पर्यावरण प्रेमी शारीरिक शिक्षक जगदीश शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते की रक्षा का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। जिस प्रकार हम अपने प्रियजनों की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी भावना से पेड़-पौधों की सुरक्षा करना भी हमारा कर्तव्य है। एक पेड़ की रक्षा करना आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की रक्षा करने के समान है।

संस्था प्रधान पूरणदास वैष्णव ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की भावना को संस्कार के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। पेड़-पौधों को रक्षा सूत्र बांधने की पहल बच्चों को प्रकृति से जोड़ने वाली अनूठी गतिविधि है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में बचपन से ही पर्यावरण संरक्षण की आदत विकसित होगी तो वे भविष्य में समाज को भी हरियाली और स्वच्छता का संदेश देंगे।

इस अवसर पर शिक्षक कमलेश वैष्णव, शिक्षिका रुचि दवे, शिक्षक प्यारेलाल मीना, नरेंद्र सिंह तंवर, रामलक्ष्मण नागर, जगदीश चंद्र सुथार एवं शारीरिक शिक्षक जगदीश शर्मा सहित विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Tags: