तस्वीर में निकुंभ के समता भवन में आयोजित बैठक के दौरान अखिल भारतीय जैन समता युवा संघ के पदाधिकारी और समाज के सदस्य नजर आ रहे हैं।

बड़ी सादड़ी। निकुंभ कस्बे स्थित जैन समाज के चातुर्मास आयोजन स्थल समता भवन में अखिल भारतीय जैन समता युवा संघ के तत्वावधान में समाज की बैठक आयोजित की गई। साधुमार्गी जैन संघ के अध्यक्ष महावीर कुमार मेहता ने बताया कि बैठक में समता युवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक कंठालिया (उदयपुर), मेवाड़ अंचल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र रांका (बड़ी सादड़ी), राष्ट्रीय मंत्री अंशुल बाघमार तथा अशोक खुर्दिया (उदयपुर) उपस्थित रहे।

निकुंभ समता युवा संघ के अध्यक्ष मनोज सहलोत ने बताया कि बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक कंठालिया ने जैन संघ की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान दान पेटी योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही प्रतिदिन नियमित सेवा कार्य करने और उसका लेखा-जोखा रखने, युवा संस्कार पाठशाला एवं शिविर आयोजित करने, मोबाइल के दुष्प्रभावों की जानकारी प्रदान करने, समाज की सेवा के लिए आवश्यकता अनुसार समय दान करने तथा नियमित धार्मिक क्रियाएं एवं सामायिक के प्रति जागरूकता बढ़ाने की कार्ययोजना पर विस्तार से जानकारी दी गई।

बैठक में अतिथियों का स्वागत जैन संघ के मंत्री सुरेश कुमार सहलोत ने किया। कार्यक्रम के अंत में निकुंभ समता युवा संघ के मंत्री प्रदीप जैन ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जैन संघ के पदाधिकारी एवं समाजसेवी सदस्य भी उपस्थित रहे। समाज में सेवा, संस्कार और धार्मिक गतिविधियों को नियमित एवं संगठित रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

Tags: