तस्वीर में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के स्थापना दिवस समारोह के दौरान मंच पर मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत, स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, शिक्षक, कर्मचारी और कैडेट्स एक साथ खड़े नजर आ रहे हैं।

चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ ने शुक्रवार को अपना 66वां स्थापना दिवस समारोह पूरे उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया। स्कूल के शंकर मेनन सभागार में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय सेना के साउथ वेस्टर्न कमांड के वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत, परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल एवं सेना मेडल थे। उनके स्कूल पहुंचने पर प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल तथा प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार ने उनका स्वागत किया। स्कूल के कैडेट्स ने मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जबकि उन्होंने परिसर स्थित स्मृतिका पर जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बाबूलाल शिवरान ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह के तहत शंकर मेनन सभागार में विशेष सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कैडेट दिव्यांश ने मुख्य अतिथि का परिचय कराया। स्थापना दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी दर्शकों को स्कूल की डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। इस दौरान कला अध्यापिका कीर्तिबाला ने लाइव पेंटिंग भी बनाई।

स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में स्कूल के कैडेट्स ने लोकगीतों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की सराहना प्राप्त की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विद्यालय की वार्षिक पत्रिका का डिजिटल विमोचन भी किया।

समारोह में शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया। पूर्व छात्रों द्वारा प्रायोजित छात्रवृत्ति के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कैडेट विपुल शर्मा एवं हिमांशु बैरवा को 11-11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले रितिका मीना एवं नवीन कुमार को 7,500-7,500 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले शौर्य सिंह एवं रोहित शिंघा को 5-5 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

मुख्य अतिथि ने ज्योति जाट, अर्णव चौधरी, तेजस चौधरी, अधिराज, अमन, इक्ष्वाकु एवं राघवेन्द्र को विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तथा युगदर्शन सिंह हाड़ा को पांच पुस्तकों का सफलतापूर्वक लेखन एवं प्रकाशन करने पर सम्मानित किया। वहीं कक्षा 10वीं एवं 12वीं में श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम दिलाने के लिए सामाजिक विज्ञान के अध्यापक धीरज शर्मा, जयपाल सिंह शेखावत, रमेश साह तथा अध्यापिका पूजा सिंह सिसोदिया को भी सम्मानित किया गया।

विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए बादल हाउस को बेस्ट अकादमिक ट्रॉफी तथा सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सांगा हाउस को कॉक हाउस ट्रॉफी प्रदान की गई।

मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत ने सैनिक स्कूल के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत के श्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों में से एक के स्थापना दिवस पर शामिल होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल किसी संस्थान के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि उसके आदर्शों, परंपराओं, उपलब्धियों और उससे जुड़ी अनगिनत प्रेरणादायक जिंदगियों का भी उत्सव है।

उन्होंने कहा कि इस विद्यालय ने सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग और भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ जैसे व्यक्तित्व देश को दिए हैं। इसके अलावा यहां से अनेक वरिष्ठ सैन्य कमांडर, सिविल सेवक, राजनयिक, पुलिस अधिकारी, कानूनविद और विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवर भी निकले हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों और देश के लिए सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ का योगदान असाधारण रहा है। विद्यालय के पूर्व छात्रों ने राष्ट्रीय जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है और वे वर्तमान कैडेट्स के लिए प्रेरणा के स्थायी स्रोत हैं।

लेफ्टिनेंट जनरल शेखावत ने विद्यालय के विकास कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में स्कूल और अधिक प्रगति करेगा। इस अवसर पर उन्होंने आईसीआईसीआई बैंक के सहयोग से निर्मित विद्यालय परिसर के एथलेटिक ट्रैक का उद्घाटन भी किया। स्कूल के कैडेट्स द्वारा आयोजित आर्ट एंड क्राफ्ट तथा विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन कर अतिथियों ने उनकी प्रतिभा की सराहना की। स्थापना दिवस के अवसर पर इंडोर स्टेडियम में मुख्य अतिथि ने केक भी काटा।

समारोह के अंत में प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने स्कूल परिवार की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन तेजस चौधरी एवं प्रियंका सावरिया ने किया, जबकि स्कूल कैप्टन मदुसुधन सिंह राठौड़ ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ अध्यापक राकेश रामपुरिया थे। समारोह में सुरेश चंद्र टांडी, लेफ्टिनेंट कर्नल एम.एस. राठौड़, कोमोडोर यशवंत कुमावत, कर्नल प्रमोद बड़सरा, कर्नल बादल वर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल विजय पाल सिंह, मनरूप सिंह, राव नरेंद्र सिंह, शिप्रा अग्रवाल, डॉ. के.एस. कांग, सेवानिवृत्त शिक्षक, स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह, विद्यालय स्टाफ तथा पूर्व छात्र उपस्थित रहे। विद्यालय का 66वां स्थापना दिवस समारोह शिक्षा, अनुशासन, परंपरा और उत्कृष्टता के मूल्यों को रेखांकित करते हुए संपन्न हुआ।

Tags: