बारिश के अभाव से बड़ीसादड़ी में खरीफ फसल पर गहराया संकट, इल्लियों के बढ़ते प्रकोप से किसान चिंतित
बड़ीसादड़ी क्षेत्र में बारिश के अभाव से खरीफ फसल संकट में है। मक्का सहित अन्य फसलों में इल्लियों का प्रकोप बढ़ने से किसान उत्पादन को लेकर चिंतित हैं।
तस्वीर में बड़ीसादड़ी क्षेत्र के एक खेत में लहलहाती हरी फसलें और ऊपर से गुजरती बिजली की लाइनें दिखाई दे रही हैं।
बड़ीसादड़ी क्षेत्र में लगातार बारिश के अभाव से खरीफ फसलों पर संकट गहराता जा रहा है। सावन माह शुरू होने के बावजूद मानसून की बेरुखी के कारण खेती प्रभावित हो रही है। खेतों में पर्याप्त नमी नहीं होने और दिनभर बनी रहने वाली उमस व गर्मी से फसल उत्पादन प्रभावित होने की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
बारिश नहीं होने से किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए समय पर अच्छी वर्षा की उम्मीद कर रहे हैं। खेती पूरी तरह मौसम पर निर्भर होने के कारण वर्षा में हो रही देरी का असर खरीफ फसलों की बढ़वार पर दिखाई देने लगा है।
भादसोड़ा निवासी काश्तकार मोहन लाल सुथार ने बताया कि यदि सही समय पर बारिश नहीं हुई तो फसल उत्पादन प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि मौसम की अनिश्चितता के कारण किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
इधर, मक्का सहित अन्य खरीफ फसलों में इल्लियों का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। बारिश की कमी और कीट प्रकोप के दोहरे संकट के बीच क्षेत्र के किसान समय पर वर्षा होने की उम्मीद लगाए हुए हैं।