तस्वीर में बेगूं स्थित कॉलेज परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता छात्रसंघ चुनाव बहाली और विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।

बेगूं में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) इकाई बेगूं के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को शहीद रूपाजी कृपाजी राजकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने सहित उच्च शिक्षा से जुड़ी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा के नाम प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन में छात्रसंघ चुनाव शीघ्र बहाल करने, प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों में समान अकादमिक कैलेंडर लागू करने, महाविद्यालयों में रिक्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों पर नियमित नियुक्तियां करने, सभी राजकीय महाविद्यालयों में नियमित प्राचार्यों की नियुक्ति करने तथा विश्वविद्यालयों में राजस्थानी भाषा का स्वतंत्र विभाग स्थापित कर विषय विशेषज्ञों की नियुक्ति करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

ABVP कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ-साथ छात्र नेतृत्व के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उनका कहना था कि उच्च शिक्षा क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को विद्यार्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों के समर्थन में प्रदर्शन भी किया और सरकार से मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की।

इस अवसर पर इकाई अध्यक्ष उमेश धाकड़, सचिव ध्रुव जैन, उपाध्यक्ष अनमोल धाकड़, नगर मंत्री पवन जोशी, सहमंत्री पूरण दमामी, पृथ्वी भाटी, प्रिंसी कोठारी, निवर्तमान इकाई अध्यक्ष हिमांशु धाकड़, निखिल औड, शुभम धाकड़, ओमप्रकाश धाकड़, नारायण खटीक, नीरज धाकड़, सुमित धाकड़, ईश्वर धाकड़, नैतिक सेन, गायत्री वैष्णव, सीमा, पूजा सहित विद्यार्थी परिषद के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग दोहराई।

Tags: