तस्वीर में डूंगला के एक विद्यालय में स्वीप बैनर के साथ विद्यार्थी एवं अधिकारी खड़े हैं।

पंचायत आम चुनाव-2026 को लेकर डूंगला में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए मंगलवार को स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी डूंगला श्री ईश्वरलाल खटीक ने स्वीप फ्लेक्स का विमोचन किया।

कार्यक्रम में विकास अधिकारी श्री दुर्गा प्रसाद कुमावत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

रिटर्निंग अधिकारी श्री ईश्वरलाल खटीक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पंचायत आम चुनाव-2026 में अधिक से अधिक मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमूह से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को बिना किसी भय, प्रलोभन अथवा भेदभाव के निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित करें। पंचायत आम चुनाव-2026 के मद्देनजर शुरू किया गया यह मतदाता जागरूकता अभियान अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने पर केंद्रित है।

Tags: