बड़ी सादड़ी: वरिष्ठ जनों ने पायलट स्मिथ घटना पर जताई चिंता, किया अभिनंदन
पंचमुखी बालाजी संस्थान के 'वरिष्ठ हमारे गौरव' कार्यक्रम में सामाजिक विषयों पर चर्चा हुई और नए जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया गया।
तस्वीर में बड़ी सादड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक साथ खड़े लोग दिखाई दे रहे हैं।
बड़ी सादड़ी में श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान की ओर से ‘वरिष्ठ हमारे गौरव’ प्रकल्प के तहत वरिष्ठ जनों का मासिक एकत्रीकरण आयोजित किया गया। सेवा, संस्कार, समरसता और जागरण के उद्देश्य से कार्यरत संस्थान सामाजिक रचनात्मक कार्यों के लिए सामान्य मंदिर को भी परिवर्तन का माध्यम और शक्ति केंद्र बनाने का आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करने का प्रयास कर रहा है।
कुटुंब प्रबोधन के लक्ष्य को लेकर संस्थान द्वारा ‘वरिष्ठ हमारे गौरव’ नाम से प्रकल्प चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक माह की 5 तारीख को वरिष्ठ जनों का एकत्रीकरण होता है। इसमें वरिष्ठ जन विभिन्न खेलों में भाग लेते हैं और समसामयिक विषयों पर सकारात्मक चर्चा करते हैं।
इस माह के एकत्रीकरण की शुरुआत विजय मंत्र के जाप से हुई। इसके बाद वरिष्ठ जनों ने मनोरंजक खेलों का आनंद लिया। चर्चा के दौरान पायलट स्मिथ की घटना का विषय भी उठा। सभी वरिष्ठ जनों ने एक स्वर में इस प्रकार की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद भी इस प्रकार की मानसिकता संपूर्ण मानवता के लिए खतरे का संकेत है। ऐसी घटनाओं से स्पष्ट है कि शिक्षा और संस्कार का सीधा संबंध नहीं होता है।
वरिष्ठ जनों ने कहा कि कप्तान स्मिथ ने विपरीत परिस्थिति में भी धैर्य बनाए रखा, श्रेष्ठ निर्णायक क्षमता का परिचय दिया और स्वयं के जीवन पर संकट के बावजूद यात्रियों के जीवन की चिंता की। आत्मबल बनाए रखने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ करना भी इस बात का प्रमाण है कि जिस संस्कृति और संस्कारों में कप्तान स्मिथ का पोषण हुआ है, वह भारतीय संस्कृति ही विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।
कार्यक्रम के दौरान ‘वरिष्ठ हमारे गौरव’ के सदस्य भोपाल सिंह बाबेल एवं जगन्नाथ जी सालवी का अभिनंदन किया गया। भोपाल सिंह बाबेल की पुत्रवधू श्रीमती ममता बाबेल बड़ी सादड़ी नगर पालिका के अध्यक्ष के रूप में चुनी गई हैं, जबकि जगन्नाथ सालवी पार्षद के रूप में चुने गए हैं।
कार्यक्रम में बालाजी संस्थान के युवा कार्यकर्ता पार्थ सोनी का जन्म दिवस भी मनाया गया। सभी वरिष्ठ जनों ने पार्थ सोनी को अपना शुभ आशीष प्रदान किया और उनके उज्जवल भविष्य के लिए मंगल कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक अल्पाहार किया।