डूंगला की बेटी काव्या जैन ने राष्ट्रीय हैकाथॉन में रचा इतिहास, टीम रही द्वितीय रनर-अप
डूंगला की काव्या जैन की टीम ने Build for Good 2026 Hackathon में द्वितीय रनर-अप स्थान हासिल किया, AI उपकरण ने निर्णायकों का ध्यान खींचा।
तस्वीर में गीतांजलि (GITS) संस्थान के गेट के सामने काव्या जैन और उनकी टीम ‘डीप कर्नेल’ के सदस्य, मेंटर और अन्य गणमान्य व्यक्ति विजेता चेक और लैपटॉप के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
डूंगला की होनहार बेटी काव्या जैन ने राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित Build for Good 2026 Hackathon में शानदार उपलब्धि हासिल कर डूंगला और जिला चित्तौड़गढ़ का नाम रोशन किया। काव्या जैन की टीम ‘डीप कर्नेल’ ने प्रतियोगिता में द्वितीय रनर-अप का स्थान प्राप्त किया।
सम्मा फाउंडेशन की ओर से 14–15 अगस्त 2026 को हुब्बल्ली, कर्नाटक में आयोजित इस राष्ट्रीय हैकाथॉन में देशभर से 2,800 टीमों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से केवल 79 टीमों का चयन ग्रैंड फिनाले के लिए हुआ।
काव्या जैन, जो टीम लीड रहीं, पुत्री स्मिता मेहता - मुकेश मेहता, जनकार बाई स्व. कोमल सिंह मेहता फेटावाला, ने अपनी टीम के साथ मिलकर AI आधारित खाद्य तेल मिलावट पहचान उपकरण विकसित किया। इस नवाचार को निर्णायक मंडल से उत्कृष्ट प्रतिक्रिया मिली और इसे आगे के पुरस्कारों के लिए भी सूचीबद्ध किया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए टीम को नकद पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि प्रत्येक सदस्य को Apple MacBook दिया गया। टीम का मार्गदर्शन GITS CII के इंचार्ज श्री लतीफ खान ने किया।
काव्या जैन की इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि से डूंगला और जिला चित्तौड़गढ़ का नाम गौरवान्वित हुआ है। उनकी सफलता ने जिले की युवा प्रतिभाओं को नवाचार और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।