चार निकायों में आज मतदान, 96,814 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
चित्तौड़गढ़ के चार निकायों में शुक्रवार को मतदान होगा। 96,814 मतदाता वोट डालेंगे, मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के बाद केंद्रों के लिए रवाना हुए।
तस्वीर में दिख रहे मतदान कर्मी हाथ में बक्से और बैग लेकर चल रहे हैं.
चित्तौड़गढ़ जिले के चार नगरीय निकायों निंबाहेड़ा, बड़ीसादड़ी, कपासन और आकोला में नगर निकाय आम चुनाव के तहत शुक्रवार को मतदान होगा। मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए गुरुवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को संबंधित निकायों के लिए रवाना किया गया। मतदान दल अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर ईवीएम और निर्वाचन सामग्री की जांच करेंगे तथा मतदान संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देंगे।
चारों निकायों में कुल 96 हजार 814 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें निंबाहेड़ा नगर परिषद के 45 वार्डों में 58 हजार 651, कपासन के 25 वार्डों में 17 हजार 275, बड़ी सादड़ी के 25 वार्डों में 11 हजार 934 तथा आकोला के 20 वार्डों में 8954 मतदाता शामिल हैं।
रवानगी से पहले मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। इसमें ईवीएम संचालन, मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग के निर्देशों और मतदान केंद्र पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। कार्मिकों को संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर सभी निर्वाचन सामग्री और व्यवस्थाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू के निर्देशन में चारों निकायों में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। बुजुर्ग, दिव्यांग एवं विशेष श्रेणी के मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। अब शुक्रवार को निंबाहेड़ा, बड़ीसादड़ी, कपासन और आकोला के कुल 96 हजार 814 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।