चित्तौड़गढ़ सैनिक स्कूल में टैलेंट हंट: छठी के कैडेट्स ने दिखाई प्रतिभा
शंकर मेनन सभागार में आयोजित प्रतिभा खोज कार्यक्रम में नवप्रवेशित कैडेट्स ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मन मोहा; प्राचार्य ने बांधा तारीफों के पुल।
तस्वीर में मंच पर सैनिक स्कूल के कैडेट्स और अतिथि समूह में खड़े दिखाई दे रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल में कक्षा छठी में नवप्रवेशित कैडेट्स के स्वागत और उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से प्रतिभा खोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शंकर मेनन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कैडेट्स ने संगीत, नृत्य और हास्य कविता की प्रस्तुतियों से अपनी रचनात्मक क्षमता और सांस्कृतिक विविधता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैनिक स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया तथा विशिष्ट अतिथि स्कूल कैम्पस की प्रथम महिला मोनिका जसरोटिया थीं। अतिथियों का स्कूल की उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल एवं सीनियर मास्टर ओंकार सिंह ने स्वागत किया।
जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि कार्यक्रम में अशोक प्रथम, अशोक-द्वितीय एवं पद्मिनी हाउस के कैडेट्स ने संयुक्त रूप से भाग लिया। कैडेट्स ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। संगीत, नृत्य और हास्य कविता की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
युवा कैडेट्स ने हिंदी, अंग्रेजी एवं लद्दाखी भाषाओं में एकल एवं सामूहिक गीत प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से कैडेट्स ने अपनी बहुआयामी प्रतिभा और सांस्कृतिक विविधता का परिचय दिया। इसके साथ ही बॉलीवुड गीतों एवं पंजाबी लोकगीतों पर आधारित एकल एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।
मुख्य अतिथि कर्नल जसरोटिया ने कार्यक्रम को कैडेट्स के सर्वांगीण विकास की दिशा में सकारात्मक एवं रचनात्मक पहल बताया। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल केवल शिक्षा का केंद्र नहीं है, बल्कि यह वह संस्थान है, जहां कैडेट्स में नेतृत्व, अनुशासन, देशभक्ति एवं चरित्र निर्माण के गुण विकसित किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिभा प्रत्येक व्यक्ति में होती है, लेकिन उसे पहचानने और निखारने के लिए उचित मंच एवं मार्गदर्शन आवश्यक है। सैनिक स्कूल कैडेट्स को ऐसा मंच प्रदान करता है, जहां वे अपनी प्रतिभा को विकसित करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकते हैं।
मुख्य अतिथि ने नवोदित कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतिभा खोज कार्यक्रम ने नवप्रवेशित कैडेट्स के विद्यालय जीवन की नई शुरुआत को उत्साह, आत्मविश्वास और रचनात्मकता से भर दिया।