चित्तौड़गढ़ में सरपंच चुनाव जीतने के बाद रतनी देवी द्वारा सांवलिया सेठ को चढ़ाया गया चांदी का कटहल।

चित्तौड़गढ़ जिले की ग्राम पंचायत रोलाहेड़ा में सरपंच पद का चुनाव जीतने के बाद रतनी देवी जाट ने अपनी मन्नत अनूठे अंदाज में पूरी की। चुनाव में जीत मिलने पर वह अपने पूरे परिवार और गांव के ग्रामीणों के साथ पदयात्रा करते हुए श्री सांवलिया जी मंदिर पहुंचीं और सांवरा सेठ को चांदी से बना कटहल अर्पित किया। खास बात यह है कि कटहल ही रतनी देवी का चुनाव चिन्ह था।

दरअसल, चुनाव से पहले रतनी देवी जाट के परिवार ने मन्नत मांगी थी कि यदि वह सरपंच का चुनाव जीतती हैं तो जिस चुनाव चिन्ह के जरिए उन्हें जीत मिलेगी, उसी का प्रतिरूप बनवाकर सांवलिया सेठ के चरणों में अर्पित किया जाएगा। चुनाव परिणाम आने के बाद परिवार ने अपनी इस मन्नत को पूरा करने का निर्णय लिया और कटहल चुनाव चिन्ह का चांदी से प्रतिरूप तैयार करवाया।


चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत रोलाहेड़ा में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत 5 नवंबर को सरपंच पद के लिए मतदान हुआ था। मतदान के बाद देर रात तक मतगणना चली और परिणाम घोषित किया गया। इस चुनाव में रतनी देवी जाट ने 1265 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। चुनाव के दौरान उन्हें कटहल चुनाव चिन्ह आवंटित हुआ था।

जीत के बाद परिवार ने इसी चुनाव चिन्ह को अपनी मन्नत से जोड़ते हुए चांदी का कटहल बनवाया। इसके बाद रतनी देवी जाट परिवार के सदस्यों और गांव के ग्रामीणों के साथ पदयात्रा करते हुए श्री सांवलिया जी मंदिर पहुंचीं और भगवान को चांदी का कटहल भेंट किया। इस पदयात्रा में गांव के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और सरपंच के साथ सांवलिया सेठ के दर्शन किए।

परिवार के सदस्यों के अनुसार, उन्हें सांवलिया सेठ पर हमेशा से भरोसा रहा है। उनका मानना है कि जीवन में जो कुछ भी मिला है, वह भगवान का आशीर्वाद है। इसी विश्वास के चलते चुनाव में जीत हासिल होने के बाद सबसे पहले अपनी मन्नत पूरी करने का फैसला किया गया। इस तरह रतनी देवी जाट ने चुनाव चिन्ह कटहल को आस्था से जोड़ते हुए चांदी का कटहल सांवलिया सेठ को अर्पित किया।

Tags: