शहरी सेवा शिविर में राहत: चित्तौड़गढ़ नगर परिषद ने वितरित किए पट्टे और स्वीकृतियां
चित्तौड़गढ़ में शहरी सेवा शिविर के तहत नगर परिषद ने 10 पट्टे 69ए सहित विभिन्न स्वीकृतियों का वितरण किया, जानिए पूरी जानकारी।
चित्तौड़गढ़ में आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान नगर परिषद के अधिकारी और जनप्रतिनिधि एक नागरिक को पट्टा सौंपते हुए।
राज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी सेवा शिविर के तहत शुक्रवार को नगर परिषद चित्तौड़गढ़ की ओर से जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पट्टा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आमजन को विभिन्न सेवाओं का लाभ प्रदान करते हुए पट्टों एवं अन्य स्वीकृतियों का वितरण किया गया।
नगर परिषद आयुक्त रविन्द्रसिंह यादव ने बताया कि शहरी सेवा शिविर के माध्यम से आमजन को अधिक से अधिक राहत देने के उद्देश्य से राज्य सरकार की मंशा अनुरूप एवं सांसद सीपी जोशी, विधायक चन्द्रभानसिंह आक्या तथा जिला कलक्टर डॉ. मजू के निर्देश पर नगर परिषद द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से 10 पट्टे 69ए, 10 नाम हस्तान्तरण, 30 भवन निर्माण स्वीकृति एवं 10 उपविभाजन पुनर्गठन के पट्टों का वितरण किया गया।
पट्टा प्राप्त करने वाले आवेदकों ने राज्य सरकार एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। शहरी सेवा शिविर के माध्यम से आमजन को मिल रही सुविधाओं से संबंधित कार्यों को नगर परिषद द्वारा आगे भी जारी रखने की जानकारी दी गई।