1 क्विंटल 890 ग्राम अफीम डोडाचुरा के साथ स्विफ्ट कार जब्त, बिजयपुर पुलिस की 5 दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई

बस्सी के समीप बिजयपुर पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र 02 के तहत 1 क्विंटल 890 ग्राम अफीम डोडाचुरा और स्विफ्ट कार जब्त की। चालक फरार है, जांच जारी है।

Update: 2026-07-10 14:03 GMT

तस्वीर में बाईं ओर जब्त की गई सफेद स्विफ्ट कार और दाईं ओर बिजयपुर पुलिस थाने के सामने खड़े तीन पुलिसकर्मी और उनके आगे जब्त किए गए पांच कट्टे नजर आ रहे हैं।

बस्सी के समीप बिजयपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 890 ग्राम अवैध अफीम डोडाचुरा के साथ एक स्विफ्ट कार जब्त की है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली। पिछले 5 दिनों में बिजयपुर पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए उदयपुर रेंज महानिरीक्षक द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र 02’ के तहत यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि बिजयपुर थानाप्रभारी रामलाल मय जाप्ता रात्रि गश्त तथा लोकल एवं स्पेशल एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए निकले हुए थे। इसी दौरान रात करीब 2 बजे दुधीतलाई की ओर से एक स्विफ्ट कार तेज रफ्तार से आई और बस्सी की ओर निकल गई।

पुलिस ने संदेह होने पर कार का पीछा किया। इस दौरान चालक वाहन को जवासिया गांव जाने वाले मार्ग पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने चालक की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

स्विफ्ट कार के सभी फाटक लॉक होने के कारण पुलिस ने ड्राइवर साइड के पीछे वाले फाटक का शीशा तोड़कर वाहन को अनलॉक किया। नियमानुसार तलाशी लेने पर कार में रखे 5 प्लास्टिक के कट्टे मिले। जांच में कट्टों से 1 क्विंटल 890 ग्राम अवैध अफीम डोडाचुरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडाचुरा और स्विफ्ट कार को जब्त कर प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में अनुसंधान जारी है।

बिजयपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत 5 दिनों में दूसरी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इससे पहले 5 जुलाई को पुलिस ने 181 किलो 270 ग्राम अवैध अफीम डोडाचुरा के साथ एक टाटा हैरियर कार भी जब्त की थी। बिजयपुर थाना क्षेत्र तस्करों की गतिविधियों के कारण लगातार निगरानी में है और यहां से मादक पदार्थ दूर-दराज तक पहुंचाए जाते हैं। चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह की सख्ती के चलते जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Similar News