चित्तौड़गढ़: लायंस क्लब ने कच्ची बस्तियों में दीये, मिठाई और पटाखे बांटे
दीपावली के अवसर पर लायंस क्लब ने हड़माला और सेंती कच्ची बस्ती के जरूरतमंद परिवारों व बच्चों के बीच सामग्री बांटकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
चित्तौड़गढ़ की सेंती कच्ची बस्ती में दीपावली पर बच्चों को ग्रीन पटाखे बांटते लायंस क्लब के सदस्य।
चित्तौड़गढ़। दीपावली की खुशियां जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने और उनके घरों में भी रोशनी के साथ त्योहार की मिठास घोलने के उद्देश्य से लायंस क्लब ने सेवा की अनूठी पहल की। क्लब की ओर से शहर की हड़माला कच्ची बस्ती में 70 परिवारों को दीपक, बाती, तेल और मिठाई के पैकेट वितरित किए गए। इसके बाद सेंती स्थित कच्ची बस्ती के 100 से अधिक बच्चों को ग्रीन पटाखों के पैकेट भेंट किए गए।
दीपावली से पहले आयोजित इस सेवा गतिविधि के दौरान बच्चों को आतिशबाजी के पैकेट मिले तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे और वे उत्साह से झूम उठे। क्लब की इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जरूरतमंद परिवारों के घरों में भी दीपावली पर प्रकाश फैले, त्योहार की मिठास बनी रहे और बच्चे भी आतिशबाजी का आनंद ले सकें।
इस अवसर पर विजयसिंह नरुका ने कहा कि जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने से क्लब के सभी सदस्यों को 'जॉय ऑफ गिविंग' का आनंद मिला। कार्यक्रम में मंजीतसिंह ग्रेवाल, प्रहलाद राय सोनी, बसंती लाल वैद, सत्यनारायण बंसल, राजीव शर्मा, सुरेश टेलर और सुजाता बंसल ने अपनी सेवाएं दीं।