बेगूं में ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर जीप की टक्कर से 3 श्रमिकों की मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े पानी के टैंकर से तेज रफ्तार जीप टकराई, हादसे में 3 मजदूरों की मौत व 5 घायल होकर भीलवाड़ा रेफर।
बेगूं में सड़क हादसे के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग।
बेगूं। मेनाल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन ग्रीन ओवरब्रिज शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे का गवाह बन गया। तेज रफ्तार जीप ने श्रमिकों के लिए खड़े पानी के टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की चपेट में आने से मौके पर काम कर रहे तीन श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य श्रमिक घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्रीन ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिकों के लिए पानी का टैंकर खड़ा किया गया था। इसी दौरान तेज गति से पहुंची एक जीप ने खड़े टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास काम कर रहे श्रमिक इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना में तीन श्रमिकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पांच श्रमिक घायल हो गए। मृतकों की पहचान बिहारी लाल पुत्र नाथू बंजारा (57 वर्ष), निवासी बिजोलिया, सावंत पुत्र देवीलाल औड़ (48 वर्ष), निवासी मांडलगढ़ तथा प्रेम देवी बंजारा पत्नी शंभूलाल बंजारा, निवासी बिजोलिया के रूप में हुई है।
हादसे में घायल श्रमिकों को उपचार के लिए भीलवाड़ा रेफर किया गया। वहीं, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मांडलगढ़ भिजवाए गए।
घटना की सूचना मिलते ही बेगूं उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया, तहसीलदार गोपाल जीनगर, डीएसपी अंकित कुड़ी एवं गिरदावर अंतिम कुमार मिर्जा, जितेंद्र सुराणा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया।
निर्माणाधीन ग्रीन ओवरब्रिज पर हुए इस हादसे में तीन श्रमिकों की मौत और पांच के घायल होने से क्षेत्र में घटना को लेकर गंभीर स्थिति बन गई।