चित्तौड़गढ़ में धनतेरस पर दीपोत्सव के अवसर पर सजावटी सामान खरीदने के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ी।

चित्तौड़गढ़। छह दिवसीय दीपोत्सव का आगाज शुक्रवार को धनतेरस के शुभ अवसर के साथ हुआ। पर्व के पहले ही दिन चित्तौड़गढ़ शहर सहित जिलेभर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से शुरू हुई बाजारों की चहल-पहल दोपहर बाद और तेज हो गई। ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही और जमकर हुई खरीदारी से व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। धनतेरस की महत्ता के अनुरूप बाजारों में दिनभर धनवर्षा जैसा माहौल बना रहा।

दोपहर बाद शहरवासियों ने पूरे उत्साह के साथ बाजारों का रुख किया। इस दौरान घरों की साज-सज्जा से जुड़े सामानों की विशेष मांग देखने को मिली। दीपावली के स्वागत में लोग इस बार अपने घरों को नए अंदाज में सजाने के लिए आकर्षक सामग्री खरीदते नजर आए। बाजार रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी और आर्टिफिशियल फूलों से सज चुके हैं। वहीं, ग्राहक घरों को सजाने के लिए आकर्षक लाइट्स, बंदनवार, रंगोली मैट और अन्य सजावटी सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में कम बिजली खपत वाली फैंसी लाइट्स, गोबर के दीये और हाथ से बने डेकोरेटिव आइटम भी ग्राहकों के बीच खास आकर्षण बने हुए हैं।

धनतेरस पर शुभ खरीदारी के लिए शहर के लगभग सभी प्रमुख बाजारों और प्रतिष्ठानों में रौनक दिखाई दी। सोने-चांदी के आसमान छूते भाव भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सके। कीमती धातुओं की खरीदारी के लिए सर्राफा प्रतिष्ठानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। सर्राफा व्यापारियों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। इसके अलावा मिट्टी के दीये, मटके और कलश, नए वस्त्र, आतिशबाजी, गृह सज्जा की सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचर की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ जुटी। दुपहिया और चौपहिया वाहनों के शोरूम पर भी दिनभर भारी चहल-पहल देखने को मिली।

धनतेरस पर हुई खरीदारी से व्यापारी उत्साहित नजर आए। व्यापारियों को उम्मीद है कि कारोबार अपेक्षाओं के अनुरूप रहा है और अगले दो दिन दीपावली के मुख्य पर्व के चलते व्यवसाय में और तेजी आएगी। बाजारों में उमड़ी भीड़ और ग्राहकों की लगातार आवाजाही ने त्योहारी रौनक को और बढ़ा दिया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस के दिन खरीदारी को सुख-समृद्धि और 13 गुना धन वृद्धि का कारक माना जाता है। इसी मान्यता के चलते लोग शुभ मुहूर्त में विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी कर मां लक्ष्मी, कुबेर और भगवान धन्वंतरी का आशीर्वाद ले रहे हैं। धनतेरस पर बाजारों में दिखी खरीदारी की रौनक ने दीपोत्सव के आगमन के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति दी है।

Tags: