चित्तौड़गढ़ जनसुनवाई में जिला कलक्टर ने सुनी परिवेदनाएं, दिए सख्त निस्तारण निर्देश

चित्तौड़गढ़ जनसुनवाई में जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने परिवेदनाओं की सुनवाई कर अधिकारियों को जांच और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

Update: 2026-07-30 13:36 GMT

तस्वीर में चित्तौड़गढ़ जिला कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर डॉ. मंजू और अन्य अधिकारी आमजन की समस्याएं सुनते हुए नजर आ रहे हैं।

चित्तौड़गढ़ में गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई एवं जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक में जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने आमजन की परिवेदनाओं और समिति में दर्ज विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई की। जिला कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित बैठक में जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समयावधि में प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सतर्कता समिति की बैठक में ग्राम सहनवा के ग्रामीणों की ओर से आराजी संख्या 850 की चरनोट भूमि पर अवैध खनन की शिकायत प्रस्तुत की गई। प्रकरण की सुनवाई के दौरान जिला कलक्टर ने तहसीलदार को मामले की विस्तृत जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित पटवारी को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में रावतभाटा निवासी बालीबाई द्वारा नगर पालिका से क्रय किए गए भूखंड संख्या 606 के नामांतरण एवं निर्माण स्वीकृति संबंधी प्रकरण पर भी सुनवाई की गई। जिला कलक्टर ने आयुक्त नगर परिषद को मामले की तथ्यात्मक जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने सतर्कता समिति में दर्ज अन्य प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान मंदिर की भूमि से अतिक्रमण हटाने, शहरी आजीविका विकास निगम के अंतर्गत कराए गए कार्यों का बकाया भुगतान करवाने, सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने, क्लेम राशि दिलाने, आवासीय पट्टा जारी करने तथा खातेदारी भूमि के नामांतरण सहित विभिन्न परिवेदनाओं पर सुनवाई की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणवार जानकारी लेकर प्रत्येक मामले का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अति कलक्टर दिनेश धाकड़, रामचंद्र खटीक, उपखंड अधिकारी रजनी मीणा, आयुक्त रविंद्र यादव, मिट्ठूलाल जाट सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News