बेगूं में स्कूलों का औचक निरीक्षण, लैब सहायक और संस्थाप्रधान को नोटिस, कार्रवाई के संकेत
बेगूं ब्लॉक में विद्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बस स्टैंड में प्रयोगशाला सहायक अनुपस्थित मिले, जबकि विद्यालय प्रबंधन में कमियां पाए जाने पर संस्थाप्रधान को भी नोटिस जारी किया गया। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।
तस्वीर में बेगूं स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार और बोर्ड दिखाई दे रहा है।
बेगूं में शुक्रवार सुबह मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री रामसिंह यादव के निर्देशानुसार विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री कैलाश चन्द्र गुप्ता ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बस स्टैंड बेगूं एवं राउप्रावि सूलीमंगरा का निरीक्षण किया, जबकि ब्लॉक संदर्भ व्यक्ति श्री छोटूलाल धाकड़ ने राप्रावि नाथूरामजी का खेड़ा एवं राप्रावि गलाइयों की झोंपड़ियां का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बस स्टैंड में प्रयोगशाला सहायक श्री कमलेश धाकड़ बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं विद्यालय प्रबंधन में कमियां मिलने पर संस्थाप्रधान को भी नोटिस जारी किया गया।
दूसरी ओर, ब्लॉक संदर्भ व्यक्ति श्री छोटूलाल धाकड़ द्वारा निरीक्षित राप्रावि नाथूरामजी का खेड़ा एवं राप्रावि गलाइयों की झोंपड़ियां में किसी प्रकार की अनुशासनहीनता नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों का संचालन सुचारु रूप से होता पाया गया।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री रामसिंह यादव ने बताया कि बेगूं ब्लॉक में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, समयपालन एवं अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्यालयों का औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अनुशासनहीन कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।