चित्तौड़गढ़ सैनिक स्कूल के स्थापना दिवस पर रक्तदान शिविर, 42 वालंटियर्स ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
चित्तौड़गढ़ के सैनिक स्कूल में 66वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 42 वालंटियर्स ने रक्तदान किया। प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने रक्तदान के महत्व पर जोर देते हुए सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासन, पूर्व छात्र, शिक्षक और जिला अस्पताल की टीम भी शामिल रही।
तस्वीर में चित्तौड़गढ़ सैनिक स्कूल के 66वें स्थापना दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान स्कूल के प्राचार्य, अधिकारी और अन्य सदस्य बैनर और जलते हुए दीपक के सामने खड़े नजर आ रहे हैं.
चित्तौड़गढ़ के सैनिक स्कूल में 66वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत शुक्रवार को स्कूल परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य रक्त की कमी को पूरा करना तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार, संयोजक मंजीत सिंह राठौड़, पूर्व छात्र, शिक्षक एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर इस सामाजिक कार्य में अपना योगदान दिया। जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि शिविर का उद्घाटन स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने किया।
स्कूल के 07 अगस्त को मनाए जाने वाले 66वें स्थापना दिवस को समर्पित इस शिविर में 42 वालंटियर्स ने स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज सेवा में अपनी भागीदारी निभाई। इस अवसर पर प्राचार्य कर्नल जसरोटिया ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है और यह दूसरों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
शिविर के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रशासन तथा सभी स्वयंसेवकों का धन्यवाद किया गया। रक्तदान शिविर में स्कूल के कम्पाउण्डर रामस्वरूप, नर्सिंग असिस्टेंट नंद कँवर तथा जिला अस्पताल की चिकित्सा टीमों ने सहयोग प्रदान किया। शिविर के प्रभारी मंजीत सिंह राठौड़ रहे।