ऑपरेशन डिकॉय में चित्तौड़गढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले चार मनचले गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ में जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में चलाए गए ऑपरेशन डिकॉय के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने सादे वस्त्रों में कार्रवाई कर महिलाओं व छात्राओं से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने वाले चार मनचलों को गिरफ्तार किया। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
तस्वीर में चित्तौड़गढ़ के पुलिस थाना कोतवाली के बाहर खड़ी महिला पुलिसकर्मी और गिरफ्तार किए गए आरोपी नजर आ रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली छेड़छाड़ और अभद्रता की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में गुरुवार शाम शहर में विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के तहत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में तैनात किया गया और पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन कर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान महिलाओं व छात्राओं से छेड़छाड़, फब्तियां कसने तथा अभद्र व्यवहार करने वाले चार मनचलों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई।
डिकॉय ऑपरेशन के तहत गठित प्रत्येक टीम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की दो-दो महिला कांस्टेबलों को सादे वस्त्रों में तैनात किया गया। उनके साथ सुरक्षा एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुरुष पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस टीमों ने शहर के प्रताप नगर चौराहा, रेलवे स्टेशन, दिल्ली गेट, चामटी खेड़ा चौराहा तथा अभिमन्यु पार्क जैसे संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी।
महिला पुलिसकर्मियों ने आम छात्राओं एवं महिलाओं की तरह इन स्थानों पर सामान्य रूप से मौजूद रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। जैसे ही कुछ युवकों द्वारा महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने और फब्तियां कसने की घटनाएं सामने आईं, मौके पर तैनात पुलिस टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की। साथ ही युवाओं को महिला सम्मान बनाए रखने तथा कानून का पालन करने के संबंध में समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर इस प्रकार के विशेष अभियान संचालित किए जाएंगे, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।