चित्तौड़गढ़ में मेवाड़ महोत्सव समिति द्वारा आयोजित नवरात्रि डांडिया महोत्सव के दौरान गरबा प्रतियोगिता के विजेता और आयोजक मंच पर पुरस्कारों के साथ समूह तस्वीर में।

चित्तौड़गढ़ में नवरात्रि डांडिया महोत्सव के तहत आयोजित गरबा प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्री नाथ गार्डन में मेवाड़ महोत्सव समिति के नवरात्रि डांडिया महोत्सव ‘जयकारा’ में ग्रुप गरबा रास प्रतियोगिता आयोजित हुई। वहीं, जिंक नगर में पुरुष वर्ग और युगल गरबा प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। विभिन्न आयोजनों में पारंपरिक वेशभूषा, गुजराती धुनों और तालबद्ध नृत्य के बीच विजेताओं को सम्मानित किया गया।

महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्री नाथ गार्डन में आयोजित ‘जयकारा’ महोत्सव में गोपाल भूतड़ा एवं अनुराग द्विवेदी के अनुसार माता की आरती के साथ बच्चों, युवाओं और युवतियों का डांडिया राउंड शुरू हुआ। देर रात तक चले आयोजन में गरबा खेलने के लिए युवाओं का उत्साह देखने को मिला। ग्रुप गरबा रास प्रतियोगिता में विभिन्न समूहों ने सामूहिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, गरबा की मुद्राओं और तालबद्ध नृत्य से आयोजन स्थल पर भक्तिमय एवं उत्सवी माहौल बना रहा।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मां दुर्गा की आराधना के साथ अपने नृत्य कौशल, आपसी तालमेल और आकर्षक प्रस्तुतियों से हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। मेवाड़ महोत्सव समिति की ओर से इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभाओं को मंच देने और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति तथा पारंपरिक गरबा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रुप गरबा रास प्रतियोगिता में नारी शक्ति ग्रुप की साक्षी लड्डा ने प्रथम स्थान हासिल कर 11,000 रुपये का पुरस्कार जीता। गरबा क्वींस की हीना अजमेरा दूसरे स्थान पर रहीं और उन्हें 7,100 रुपये मिले। फुल गरबा रास की शिखा बसेर ने तीसरा स्थान प्राप्त कर 5,100 रुपये का पुरस्कार जीता। सांत्वना पुरस्कार के तहत नवरंग गरबा की पलक मालानी और जयकारा ग्रुप की प्रियांशी शर्मा को 2,100-2,100 रुपये दिए गए। समिति अध्यक्ष अनंत समदानी, सचिव लीला आगाल, आशा पोखरना और अभिषेक श्रीमाल ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

यश टेलर एवं अनुराग बांगड़ ने बताया कि कार्यक्रम में अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री राजकुमार कालिया मुख्य अतिथि थे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. मधुप बक्षी, हेमलता बक्षी, देवेंद्र कंवर, ओम प्रकाश तोषनीवाल, सी.पी. नामधारणी, पार्षद शैलेंद्र झवर, डॉ. वसीम खान, डॉ. अभिषेक जायसवाल, राघव शर्मा, डिंपल बिरला, गायत्री राव, संजू लड्ढा, डॉ. भानु प्रताप सिंह, डॉ. गरिमा, पार्षद सविता जाजू, डिंपल वैष्णव और मंजू पितलिया मौजूद रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक अरबन बैंक की प्रबंध निदेशक वंदना वजीरानी, रुचिका सोनी और नितिन जैन का उपरना ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत-अभिनंदन किया गया।

जिंक नगर स्थित श्री सिद्धेश्वरी माताजी मंदिर परिसर में इम्पीरियल क्लब के एचआर एडमिन विभाग की ओर से आयोजित नवरात्रि महोत्सव में पुरुष वर्ग और युगल गरबा प्रतियोगिताएं हुईं। इनमें जिंक परिवार के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इम्पीरियल क्लब के सचिव जी.एन.एस. चौहान ने बताया कि युगल वर्ग में ओम व्यास ने प्रथम, राकेश दुर्गावत ने द्वितीय और राज माहेश्वरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में प्रदीप प्रजापत प्रथम, पवन बाहेती द्वितीय और नरेश सोनी तृतीय स्थान पर रहे। अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

आयोजन में मुरगन मणि, अमित सुराणा, रोशन गोसलिया, अभिषेक कोठारी, विजय राणा, राज माहेश्वरी, हिम्मत हरड़िया, अंबरीश कुमार, के.सी. दाधीच्य, अनिल ईनाणी, नरेंद्र गहलोत, शुभम् काकानी, नवीन इंटोदिया, मुकेश तेली, सोचंद धाकड़, पं. जगदीश द्विवेदी, शशिधर द्विवेदी, दीपेश तिवारी, पुष्कर चौबीसा और इन्द्र सिंह सहित चंदेरिया परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मेवाड़ महोत्सव संस्थान की ओर से आयोजित नवरात्रि डांडिया महोत्सव में युगल गरबा प्रतियोगिता भी संपन्न हुई। डांडियों की खनक, गुजराती धुनों और पारंपरिक परिधानों के बीच प्रतिभागियों ने अपने तालमेल, लय और नृत्य कौशल का प्रदर्शन किया। छह राउंड में आयोजित प्रतियोगिता में करीब 255 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देर रात तक गरबा और डांडिया की धूम रही।

युगल गरबा प्रतियोगिता में इशिका खटिक और विशाल राजपूत ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि वंशिका कनोलिया और निखिल कनोलिया दूसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा नौ युगलों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। मनीष मालानी ने बताया कि मेवाड़ महोत्सव संस्थान के गरबा महोत्सव में धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और पारंपरिक उत्सव की भावना को विशेष महत्व दिया जाता है। प्रतिभागी पारंपरिक वेशभूषा में गरबा करते हैं, जिससे गुजराती लोक संस्कृति और नवरात्रि की परंपराओं की झलक देखने को मिलती है। यह पारंपरिक अंदाज संस्थान के आयोजन की प्रमुख पहचान बन चुका है। युवाओं के साथ महिलाओं और परिवारों की भागीदारी भी आयोजन का हिस्सा रही।

संस्थान के अध्यक्ष प्रदीप काबरा ने बताया कि युगल प्रतियोगिता के सभी छह राउंड में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ संगीत की ताल पर गरबा प्रस्तुत किया। दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। इशिका खटिक और विशाल राजपूत को प्रथम तथा वंशिका कनोलिया और निखिल कनोलिया को द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। नौ अन्य युगलों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनकी भागीदारी और उत्साह की सराहना की गई।

प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में संत दिग्विजयराम, हरीश ईनाणी, गुल्फिकार बोहरा, वसीम खान और कपिल मालानी उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। मेवाड़ महोत्सव संस्थान के संयोजक शैलेंद्र सिंह चुंडावत एवं कार्यकर्ताओं ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इन आयोजनों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच मिला और पारंपरिक गरबा संस्कृति के प्रति रुचि को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

Tags: