चित्तौड़गढ़ में आज दशहरा महोत्सव की धूम, 71 फीट के रावण का रिमोट से होगा दहन
चित्तौड़गढ़ के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आज दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। 71 फीट ऊंचे रावण का रिमोट से दहन होगा, जबकि 51-51 फीट के कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों के साथ 3.48 लाख रुपए की आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
चित्तौड़गढ़ के इंदिरा गांधी स्टेडियम में दशहरा महोत्सव के आयोजन के लिए नगर परिषद द्वारा तैयार कराए गए रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के विशालकाय पुतले।
चित्तौड़गढ़। शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आज दशहरा महोत्सव भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। नगर परिषद के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस समारोह में रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशालकाय पुतलों का दहन किया जाएगा। इस बार 71 फीट ऊंचे रावण के पुतले को आधुनिक तकनीक से रिमोट के जरिए जलाया जाएगा। दहन के दौरान रावण के मुंह से विशेष ध्वनि के साथ चीख निकलने की व्यवस्था भी की गई है।
दशहरा महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। सोमवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में पुतलों को अंतिम रूप देने का काम किया गया। नगर परिषद की ओर से इस वर्ष रावण, उसके भाई कुंभकरण और पुत्र मेघनाथ के आकर्षक पुतले तैयार करवाए गए हैं। इनके निर्माण पर कुल 3 लाख 31 हजार रुपए खर्च किए गए हैं। रावण का पुतला 71 फीट ऊंचा बनाया गया है, जबकि कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों की ऊंचाई 51-51 फीट है।
विशालकाय पुतलों के निर्माण की जिम्मेदारी बड़ीसादड़ी के कुशल और अनुभवी कारीगरों को सौंपी गई थी। बड़ीसादड़ी से आए 28 विशेष कारीगरों ने दिन-रात मेहनत कर मात्र तीन दिन में पुतलों का निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया। पुतलों में उनकी कलाकारी और शिल्प कौशल देखने को मिल रहा है। इस बार आयोजन में पारंपरिक कला के साथ आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल भी किया गया है।
रावण दहन के दौरान रिमोट से पुतले में आग लगाई जाएगी। इसके साथ ही रावण के मुंह से विशेष ध्वनि के साथ चीख निकलेगी, जिससे दहन का दृश्य और आकर्षक होगा। दशहरा महोत्सव के अवसर पर आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठेगा। दर्शकों के लिए 3 लाख 48 हजार रुपए की लागत से भव्य आतिशबाजी की व्यवस्था की गई है।
नगर परिषद की ओर से पुतलों के निर्माण से लेकर आधुनिक दहन तकनीक और आतिशबाजी तक की व्यवस्थाएं की गई हैं। सत्य की असत्य पर विजय के प्रतीक दशहरा पर्व पर इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस समारोह को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासियों के जुटने की संभावना है।