आकोला में दुर्गाष्टमी पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया, सजी झांकियां
शोभावती माता मंदिर में हवन-यज्ञ और शक्तिपीठों पर उमड़े श्रद्धालुओं ने देर रात तक गरबा-डांडिया नृत्य का आनंद लिया।
शोभावती माता मंदिर में दुर्गाष्टमी के अवसर पर हवन-यज्ञ करते श्रद्धालु.
आकोला कस्बे में नौ दिवसीय नवरात्रि महोत्सव के दौरान दुर्गाष्टमी का पर्व श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्राचीन शक्तिपीठ शोभावती माता मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ का आयोजन हुआ। शक्तिपीठों पर दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, वहीं कस्बे के विभिन्न गरबा पांडालों में देर रात तक डांडिये की खनक सुनाई देती रही।
शोभावती माता मंदिर में पुजारी गोपाल गिरी गोस्वामी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान, हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। रविवार को दुर्गाष्टमी के अवसर पर कस्बे स्थित ऐतिहासिक प्राचीन शक्तिपीठ शोभावती माता मंदिर में पंच पटेलों ने पंडित श्याम सुंदर सुखवाल के सानिध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और हवन में आहुतियां अर्पित कीं।
नवरात्रि महोत्सव के तहत कस्बे में कई स्थानों पर गरबा पांडाल सजाए गए हैं। शाम होते ही यहां डांडिये की खनक के बीच युवक, युवतियां और बच्चे डीजे पर बज रहे गानों व भजनों पर देर रात तक गरबा नृत्य का आनंद ले रहे हैं। मुख्य बस स्टैंड के पास पीपली चौक स्थित बाबा रामदेव नव युवक मंडल की ओर से आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। स्थानीय कलाकार किशन लाल पटवा भी नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन आकर्षक झांकियां सजा रहे हैं। नीम चौक, रंगीला चौक, पीपली चौक और अखाड़ा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर नवरात्रि की रौनक दिखाई दे रही है।
इसी क्रम में जवाहर नगर कॉलोनी स्थित मां चामुंडा माता मंदिर के तत्वावधान में डांडिया नृत्य महोत्सव भी परवान पर है। नवरात्रि के विशेष अवसर पर ताणा पहाड़ी स्थित चामुंडा माता मंदिर में ज्वारा विसर्जन किया गया, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। धार्मिक अनुष्ठानों, हवन-यज्ञ, झांकियों और गरबा-डांडिया आयोजनों के साथ आकोला में दुर्गाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के माहौल में मनाया गया।