नवनिर्मित अन्नकूट भोजनशाला का शुभारंभ, हवन और कन्या पूजन संपन्न
मंदिर समिति के अध्यक्ष बंशी लाल लोहार ने बताया कि नए भवन से भविष्य के धार्मिक आयोजनों में आसानी होगी।
निकुंभ के लक्ष्मी नारायण मंदिर में नवनिर्मित अन्नकूट भोजनशाला का शुभारंभ संपन्न।
बड़ी सादड़ी। निकुंभ कस्बे में स्थित श्री लक्ष्मी नारायण भगवान मंदिर में नवरात्रि के पावन अवसर पर नवनिर्मित अन्नकूट भोजनशाला का शुभारंभ धार्मिक अनुष्ठानों के साथ किया गया। इस अवसर पर हवन-पूजन और नवदुर्गा स्वरूप कन्याओं का पूजन किया गया। कार्यक्रम में मंदिर मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।
मंदिर समिति के अध्यक्ष बंशी लाल लोहार ने बताया कि मंदिर मंडल की ओर से निर्मित भोजनशाला के नवीन भवन का शुभारंभ मुख्य पुजारी पंडित सुरेश दास वैष्णव की देखरेख में विधि-विधान से संपन्न हुआ। शुभारंभ के दौरान हवन-पूजन किया गया और नवदुर्गा के रूप में कन्याओं का पूजन किया गया। इसके बाद कन्याओं को खीर का प्रसाद वितरित कर भोजनशाला का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मंदिर मंडल के वरिष्ठ सदस्य भी मौजूद रहे। मंदिर समिति की ओर से भोजनशाला का निर्माण होने से भविष्य में अन्नकूट महोत्सव सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों के लिए सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। नवनिर्मित भोजनशाला मंदिर में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों के लिए उपयोगी साबित होगी।