चित्तौड़गढ़: जिला निर्वाचन अधिकारी ने EVM वेयरहाउस का किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ मंजू ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और अभिलेखों की जांच कर अधिकारियों को आयोग के निर्देशों के पालन का निर्देश दिया।
चित्तौड़गढ़ में ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण करतीं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ मंजू और पुलिस अधिकारी।
चित्तौड़गढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ मंजू ने सोमवार को ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण तथा उपलब्ध निर्वाचन सामग्री के रखरखाव का अवलोकन किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ मंजू ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने, सुरक्षा उपकरणों की समय-समय पर जांच करने तथा वेयरहाउस की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक, तहसीलदार विवेक व्यास, कांग्रेस के बाबरमल मीना एवं भाजपा के चंद्र शेखर शर्मा सहित निर्वाचन विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे। मासिक निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, निगरानी, अभिलेख संधारण और निर्वाचन सामग्री के रखरखाव से जुड़ी व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया गया।