चित्तौड़गढ़: असरा वेलफेयर सोसायटी ने 90 प्रतिभाओं को किया सम्मानित
21वीं तालीमी कॉन्फ्रेंस में मेधावी विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार दिए गए, जबकि एमएम शेख को निशान-ए-इम्तियाज से नवाजा गया।
चित्तौड़गढ़ में असरा वेलफेयर सोसायटी के कार्यक्रम में ट्रॉफी और प्रमाण पत्र के साथ प्रतिभाएं।
चित्तौड़गढ़। असरा वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित 13वें प्रतिभा सम्मान समारोह एवं 21वीं तालीमी कॉन्फ्रेंस में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 90 प्रतिभाओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में मुख्तार अहमद कुरैशी, डॉ. वसीम खान, ताज मोहम्मद रंगरेज, एम.एम. शेख, डॉ. दिलशाद शामी, डॉ. एम.के. पठान, डॉ. उमर फारूख गौरी और हाजी मोहम्मद अली छीपा ने शिरकत कर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को इनाम और शब्दों से प्रोत्साहित किया।
शहर कम्युनिटी टॉपर अक्सा नीलगर को हज्जन हलीमा ट्रस्ट की ओर से 51 हजार रुपये का नकद इनाम दिया गया। इस पर उपस्थित समाजजनों ने बालिका का उत्साहवर्धन किया। 90 प्रतिशत प्राप्तांक लाने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को 1100 रुपये नकद दिए गए। वहीं दो निर्धन बालिकाओं को 5100-5100 रुपये और एक बालिका को 1100 रुपये दिए गए।
सोसायटी का खास पुरस्कार ‘निशान-ए-इम्तियाज’ एम.एम. शेख को उनकी मिसाली तालीमी खिदमात के लिए दिया गया। कार्यक्रम का संचालन इकरा फातिमा ने किया। समारोह में दसवीं के 35, बारहवीं के 23 तथा डिग्री, डिप्लोमा और अन्य क्षेत्रों की कुल 90 प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया गया।
शहर काजी मुस्तफा ने बच्चों को हलफ दिलवाकर आगामी कामयाबी के लिए प्रेरित किया। संस्थापक अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक नूरी ने दिखावे की रस्मों-रिवाज में कमी कर तालीमी इदारे कायम करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर समाज की चार तंजीमों को असरा स्पेशल अवार्ड भी दिए गए। फ्रेंड्स ग्रुप भीलवाड़ा को सामूहिक विवाह, दारुल उलूम गोसिया अजीजिया लोहारिया को बच्चियों की तालीम, तिरंगा कमेटी को राष्ट्रीय भावना प्रेरित करने तथा अंजुमन तालीमुल इस्लाम उदयपुर को बालिकाओं की शिक्षा और रोजगार के लिए एजाज़ दिया गया।
अमजद खान एवं नीदा खानम ने प्रतिभा सम्मान समारोह में सहयोग करने वाली संस्थाओं हज्जन हलीमा बेग़म ट्रस्ट, हज्जन जाहिद बेग़म फाऊंडेशन, तमन्ना ए तालीम सोसायटी सावा, शेख समाज वेलफेयर सोसायटी चित्तौड़गढ़ और सैय्यद साजिद अली उदयपुर का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया। समारोह में प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ शिक्षा, बालिका शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के योगदान को भी सम्मान दिया गया।