चित्तौड़गढ़: न्यू क्लॉथ मार्केट समिति की 51वीं आमसभा संपन्न, विकास योजनाओं पर चर्चा
स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश पर सभागार के आधुनिकीकरण और सुभाष चौक में नए सहकारी व्यापारिक केंद्र निर्माण की योजना पर सहमति बनी।
चित्तौड़गढ़ में न्यू क्लॉथ मार्केट समिति के सदस्य समूह में सम्मानित होकर खड़े हैं।
चित्तौड़गढ़। न्यू क्लॉथ मार्केट निर्माण सहकारी समिति लिमिटेड की 51वीं वार्षिक आमसभा समिति के स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश के साथ विकास के नए संकल्पों के बीच सम्पन्न हुई। आमसभा में बाजार के विकास, सभागार के आधुनिकीकरण और सुभाष चौक स्थित समिति की भूमि पर सहकारी व्यापारिक केंद्र बनाने सहित विभिन्न योजनाओं पर चर्चा हुई। इस अवसर पर नवनिर्वाचित सभापति अनिल ईनाणी, उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया सहित 36 विजयी पार्षदों का शॉल-उपरना ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया।
आमसभा सांसद सीपी जोशी के मुख्य आतिथ्य, सभापति अनिल ईनाणी, उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया, मिठू लाल जाट व पार्षद नगेंद्र सिंह राठौड़ के विशेष आतिथ्य तथा समिति अध्यक्ष डॉ. आईएम सेठिया की अध्यक्षता में हुई। आमसभा में समिति के स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश पर हर्ष व्यक्त करते हुए बाजार विकास के संकल्प दोहराए गए।
मुख्य अतिथि सांसद जोशी ने कहा कि समिति ने आमजन में सहकारिता की भावना के जागरण के साथ शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मध्यम वर्ग को दुकान देकर आर्थिक संबल प्रदान किया गया, जिससे सदस्यों का आर्थिक सशक्तिकरण हुआ। केशव माधव सभागार के कारण सामुदायिक विकास को स्थान मिला। उन्होंने कहा कि नवगठित बोर्ड समिति के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
सभापति अनिल ईनाणी ने कहा कि सभी पार्षदों के साथ समन्वय से चित्तौड़ को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। न्यू क्लॉथ मार्केट शहर का मुख्य व्यापारिक केंद्र है। इसकी हर समस्या का समाधान मिल-बैठकर किया जाएगा, ताकि स्वर्ण जयंती वर्ष में शहर का गौरव भी बढ़े।
समिति अध्यक्ष डॉ. आईएम सेठिया ने समिति स्थापना के 50 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष में सभागार को आधुनिक व भव्य बनाया जाएगा। बाजार की सुंदरता बढ़ाने के साथ सुभाष चौक स्थित समिति की भूमि पर शीघ्र ही सहकारी व्यापारिक केंद्र बनाया जाएगा। स्वर्ण जयंती वर्ष में कार्यालय के आधुनिकीकरण के साथ सामाजिक सहभागिता के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
समिति अध्यक्ष डॉ. सेठिया, छोगा लाल डाड, गोविंद काबरा, ओम खटोड़, सोहन लाल तंनवानी, सुरेश डांगी, प्रकाश पटवारी, पुष्पा देवी सुहालका, कैलाश देवड़ा, हाजी गुलाम सादिक नीलगर और राजेश पोखरना द्वारा सभापति ईनाणी, उपसभापति रामपुरिया, पार्षद भोला राम प्रजापत, शैलेन्द्र झवर, नगेंद्र सिंह राठौड़, शांतिलाल जाट, देवीलाल सालवी, रेखा शर्मा, पिंटू मीणा, मुकेश छपरिबंद, मन कंवर, पूजा खटीक, नीमा बजाज, रेहाना हसन, वासु लोट, धर्मेन्द्र मूंदड़ा, शंभू प्रजापत, टिंकू धामाणी, प्रदीप काबरा, अशोक सोनी, मीना वाधवा, घनश्याम मेनारिया, सविता जाजू, जगदीप सलूजा, अविनाश शर्मा, सीताराम मांली, प्रिया गौड़, रवि बैरागी, शांति लाल मोदी, बाल किशन भोई और बालमुकुंद पटवा के साथ ही राणा सांगा समिति अध्यक्ष रतनलाल जैन, बुद्धर मल भोजवानी और श्याम जोशी का शॉल-उपरना ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया।
समिति अध्यक्ष डॉ. सेठिया ने वार्षिक प्रतिवेदन रखते हुए बाजार और सभागार विकास के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सामाजिक उपयोगिता बढ़ाने के लिए सभागार भवन की भव्यता को बढ़ाया जाएगा। सुरेश डांगी ने अंकेक्षित लेखा व बजट प्रस्तुत किया, जबकि मंत्री तनवानी ने पूर्व आमसभा का प्रतिवेदन रखा। कार्यक्रम का संचालन खटोड़ ने किया।
आमसभा में बाजार की समस्याओं को लेकर सदस्यों ने अपने विचार रखे और महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस अवसर पर अतिथियों ने समिति की वेबसाइट और स्वर्णजयंती मोनो का भी उद्घाटन किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की गई।