तस्वीर में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या चित्तौड़गढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए।

चित्तौड़गढ़। आगामी पंचायतीराज चुनाव में भाजपा का बोर्ड बनाने के लक्ष्य को लेकर भारतीय जनता पार्टी सावा और घोसुण्डा मंडल की संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में सांसद सीपी जोशी ने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सांसद सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास के नित नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि प्रदेश की जनता ने स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा पर विश्वास जताया और दो तिहाई से अधिक नगर निगमों, नगर परिषदों व नगर पालिकाओं में भाजपा के मेयर, सभापति एवं अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने कहा कि अब पंचायतीराज चुनावों में भी एकजुट होकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यों को आमजन तक पहुंचाना है तथा पंचायतीराज चुनाव में भारी बहुमत से भाजपा का बोर्ड बनाना है।

विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि आमजन का विकास और विश्वास भाजपा का प्रमुख ध्येय है। विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को विकास की अनेकों सौगातें देकर आमजन से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। किसानों को समय पर राहत और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार स्थानीय चुनाव में जनता ने पार्टी को विजयश्री दिलाई, उसी प्रकार पंचायतीराज चुनाव में भी जनता का आशीर्वाद मिलेगा और भाजपा का बोर्ड बनेगा।

जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने कहा कि भाजपा अपने सिद्धांतों पर एकजुटता के साथ चलने वाली एक अनुशासित पार्टी है। पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को जनमानस तक पहुंचाने के प्रति हमेशा तत्पर रहता है। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनावों में भी पूरी एकजुटता का परिचय देते हुए भाजपा का बोर्ड बनाना है।

बैठक में विशिष्ट अतिथि मिठुलाल जाट, अनिल सुखवाल, लाला गुर्जर, प्रवीण सिंह राठौड़, अनंत समदानी, लीलाशंकर सिंह, रवि कल, हेमराज मेघवाल, किशन जाट, शिवराज सिंह, शंकरदास वैष्णव, दिनेश शर्मा, रतन डांगी, सत्यनारायण कुमावत और हरी सिंह जाट उपस्थित थे।

बैठक में आगामी पंचायतीराज चुनाव की रणनीति, चुनाव संचालन, बूथ प्रबंधन एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर वार्ड चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी, शक्ति केंद्र संयोजक, सह संयोजक, मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, बूथ अध्यक्ष सहित सावा व घोसुण्डा भाजपा मंडल के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags: