चित्तौड़गढ़ के स्कूल हॉल में हाथ आगे बढ़ाकर शपथ लेते स्कूली विद्यार्थी।   

चित्तौड़गढ़। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देशानुसार पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय स्टेशन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसके उन्मूलन को लेकर जागरूक किया गया।

नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी ने बाल विवाह को सामाजिक कुरीति बताते हुए कहा कि इसके पूर्ण उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने बाल विवाह से होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इस कुप्रथा के विरुद्ध सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सभापति ईनाणी ने उपस्थितजनों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से बाल विवाह के विरुद्ध सदैव संकल्पित रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग ओमप्रकाश तोषनीवाल, रवि विरानी, प्रधानाचार्य ज्योति लड्ढा, चाइल्ड हेल्पलाइन कोऑर्डिनेटर नवीन काकड़दा, काउंसलर करण जीनवाल, सुपरवाइजर राहुल सिंह, केस वर्कर सीमा राजोरा एवं आशीष आर्य सहित विद्यालय स्टाफ एवं अन्य उपस्थितजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता और सामूहिक संकल्प का संदेश दिया गया।

Tags: