आदित्य सीमेंट वर्क्स की आदित्यपुरम स्टाफ कॉलोनी में सूने क्वार्टर का ताला तोड़कर आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी किए गए; शंभूपुरा पुलिस जांच कर रही है।

चित्तौड़गढ़ स्थित आदित्य सीमेंट वर्क्स की उच्च सुरक्षा वाली स्टाफ कॉलोनी आदित्यपुरम में बेखौफ चोरों ने एक सूने क्वार्टर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता तब चला जब पीड़ित परिवार वापस लौटा। मामले को लेकर शंभूपुरा थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आदित्यपुरम कॉलोनी के हाउस नंबर ई-33/2 की निवासी सैयद सीमी अली, पत्नी सैयद राहिल अली ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में पूरी घटना का ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि वह शनिवार शाम करीब 7:30 बजे अपने क्वार्टर पर ताला लगाकर परिवार के साथ चित्तौड़गढ़ स्थित अपने दूसरे आवास पर गई थीं। सोमवार सुबह करीब 6 बजे वह चित्तौड़गढ़ से सीधे आदित्यपुरम अस्पताल में अपनी ड्यूटी पर पहुंचीं। इसके बाद दोपहर करीब 1:20 बजे सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें फोन कर क्वार्टर का ताला टूटा होने की सूचना दी।

सूचना मिलते ही जब वह अपने क्वार्टर पर पहुंचीं, तो वहां बाहर सुरक्षा कर्मचारी तैनात थे। घर के भीतर प्रवेश करने पर अलमारी टूटी हुई थी और सारा सामान अस्त-व्यस्त फैला पड़ा था। छानबीन करने पर पता चला कि चोरों ने सोने की बड़ी चेन, पेंडल वाली चेन, मंगलसूत्र जैसी चेन, लॉकेट, तीन अंगूठियां, बच्चों के सोने के ब्रेसलेट, कानों के इयररिंग, सोने की चूड़ियां, नेकलेस और कानों की लॉन्ग सहित कई बहुमूल्य आभूषण पार कर दिए थे। इसके अलावा चांदी की पायल, ब्रेसलेट, बच्चों के चांदी के कड़े समेत अन्य चांदी के गहने और अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद भी गायब थे। इतना ही नहीं, चोर बच्चों के खिलौने और कपड़े तक समेट कर ले गए।

सामने आई जानकारी के मुताबिक, चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले पास के दो अन्य क्वार्टरों में भी घुसने का प्रयास किया था। हालांकि, एक क्वार्टर खाली होने और दूसरे क्वार्टर के भीतर से किसी व्यक्ति की आवाज सुनाई देने के कारण चोर वहां से लौट गए। इसके बाद उन्होंने तीसरे क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया और पास ही स्थित स्कूल की दीवार फांदकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही शंभूपुरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस फिलहाल कॉलोनी में स्थापित सुरक्षा इंतजामों को खंगालने के साथ-साथ आसपास लगे संभावित सीसीटीवी फुटेज की बारकी से जांच कर रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी और बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध वाली इस हाई-सिक्योरिटी कॉलोनी में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी चिंता देखी जा रही है।

Tags: