आकोला: राम रसोड़ा के समापन पर भजन संध्या आयोजित, कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां
लोक देवता बाबा रामदेव के जन्मोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में गायकों और कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु।
तस्वीर में आकोला के मंच पर दो कलाकार भजन संध्या में प्रस्तुति दे रहे हैं।
आकोला। क्षेत्र के गाडरीयावास चौराहे पर राम रसोड़ा के समापन के उपलक्ष्य में विशाल भजन संध्या ‘एक शाम बाबा रामदेव के नाम’ का आयोजन हुआ। समस्त ग्रामवासियों के साथ पारी खेड़ा, गाडरीयावास और भानिया खेड़ी सहित गांव के सहयोग से राम रसोड़ा सम्पन्न हुआ।
लोक देवता बाबा रामदेव जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार रात्रि आयोजित भजन संध्या में भजनों के साथ विभिन्न झांकियों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। सुप्रसिद्ध गायक कलाकार कमलेश सेन ने सर्वप्रथम आराध्य गणेश की वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद बजरंग बली के भजन और गुरु वंदना प्रस्तुत की गई, जिसके बाद बाबा रामदेव की महिमा का वर्णन किया गया।
उदयपुर से आए बालक ने अपनी सुरीली आवाज से भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे पांडाल को भक्ति में झूमने पर मजबूर कर दिया। सिंगर भावेश ने एक से बढ़कर एक शानदार भजन प्रस्तुत किए। कोमेडियन सुंदर अलबेला ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों को खूब हंसाया।
कार्यक्रम में दिनेश सपेरा ने जिंदा सांपों का प्रदर्शन भी किया। वहीं डांसर चंदा रंगीली, सपना रंगीली और पिंकी योगी ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। भजन संध्या में ‘घोड़ा म्हारो चम चम करतो आवे’, ‘बाबा राम ओ रामापीर थारा घोड़ा घूम दे’, ‘तेजाजी सुरसुरा का राजा लीलण घोड़ी प्यारी’ और ‘बिणजारी ये हंस हंस बोल बाता थारी रेह जासी’ सहित विभिन्न देवी-देवताओं के भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। भजनों और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच श्रोता देर रात तक कार्यक्रम में जमे रहे।