नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव: भाजपा के शैलेंद्र आचलियाँ 15 वोट से जीते
35 पार्षदों के मतदान के बाद शैलेंद्र आचलियाँ को 25 और कांग्रेस के नदीम खान को 10 वोट मिले; जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न।
तस्वीर में शैलेंद्र आचलियाँ सभागार में अधिकारियों और समर्थकों से प्रमाणपत्र प्राप्त करते दिख रहे हैं।
नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के शैलेंद्र आचलियाँ ने कांग्रेस प्रत्याशी नदीम खान को 15 मतों से हराकर जीत दर्ज की। मंगलवार को पंचायत समिति सभागार में हुए मतदान में नगर पालिका के सभी 35 पार्षदों ने मतदान किया।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया की मौजूदगी में दोपहर 2:30 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान के बाद हुई मतगणना में भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र आचलियाँ को 25 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी नदीम खान को 10 मत प्राप्त हुए। इस तरह शैलेंद्र आचलियाँ 15 मतों के अंतर से विजयी रहे। रिटर्निंग अधिकारी ने उन्हें उपाध्यक्ष पद पर विजयी घोषित किया।
जीत की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका परिसर के बाहर जश्न मनाया। इस दौरान आतिशबाजी की गई और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर जीत की बधाई दी।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गरिमा शर्मा, विधायक प्रतिनिधि शंभूलाल धाकड़, भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन गोपाल धाकड़, नगर पालिका चुनाव संयोजक सतीश खेमका, मंडल संयोजक गजेंद्र सिंह, पूर्व पालिका अध्यक्ष कैलाशचंद शर्मा, पूजा सोनी, तेजमल बोहरा, सुनील पगारिया, राकेश गुरुजी, गोपाल धाकड़, निर्मल माली, दर्पण शर्मा, नरेश सुथार, अर्जुन व्यास, राधेश्याम शर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था के तहत तहसीलदार गोपाल जीनगर, डीएसपी अंकित कुड़ी, नायब तहसीलदार नाना लाल धाकड़, कमलेश कुलदीप तथा थानाधिकारी चंपाराम पुलिस जाप्ते के साथ मौजूद रहे। सभी 35 पार्षदों के मतदान और मतगणना के बाद शैलेंद्र आचलियाँ की जीत के साथ नगर पालिका उपाध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न हुआ।