बड़ीसादड़ी: पींड में 70वीं जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज आज
सहकारिता मंत्री गौतम दक करेंगे उद्घाटन, 65 टीमों के 780 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम; ग्रामवासियों के सहयोग से भोजन-आवास व्यवस्था पूरी।
तस्वीर में राजकीय विद्यालय के खेल मैदान पर तैयारियों का जायजा लेते शिक्षक और छात्र।
बड़ीसादड़ी। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पींड में 70वीं जिला स्तरीय 19 वर्षीय छात्र वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज बुधवार से होगा। चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन सहकारिता मंत्री गौतम दक के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिलेभर से 65 टीमों के 780 खिलाड़ी भाग लेकर कबड्डी में अपना दमखम दिखाएंगे।
मुख्य निर्णायक मिट्ठूलाल जाट ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए खेल मैदान पूरी तरह तैयार हैं। मैदानों का समतलीकरण, साफ-सफाई और कबड्डी मुकाबलों के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के लिए खेल मैदान पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान नियमों एवं अनुशासन का पालन सुनिश्चित करते हुए मुकाबले निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से करवाए जाएंगे।
आयोजक विद्यालय के शारीरिक शिक्षक एवं शारीरिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा प्रतियोगिता की विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य रजनीश पालीवाल व्यवस्थाओं में समन्वय कर रहे हैं। शिक्षक भेरुलाल सालवी सहित विद्यालय स्टाफ भी आयोजन की तैयारियों में सहयोग कर रहा है।
प्रतियोगिता में नियुक्त निर्णायकों, लेखन टीम, टीम प्रभारियों तथा भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के भोजन एवं आवास की व्यवस्था ग्रामवासियों एवं भामाशाहों के सहयोग से की गई है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए ग्रामवासियों की ओर से पारितोषिक की व्यवस्था भी की गई है।
चंद्रकांत शर्मा ने बताया कि विद्यालय परिवार, ग्रामवासियों एवं भामाशाहों के सहयोग से प्रतियोगिता से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आयोजन टीम पूरी तरह तैयार है। बुधवार से शुरू होने वाली यह चार दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता पींड में कबड्डी मुकाबलों के रोमांच का केंद्र बनेगी।