तस्वीर में चित्तौड़गढ़ में राजेश सेठिया के निर्वाचन के दौरान उपस्थित सदस्य दिख रहे हैं।

चित्तौड़गढ़। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संस्थान की आमसभा सोमवार को अध्यक्ष किरण डांगी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। आमसभा में निवर्तमान महामंत्री राजेश सेठिया को सर्वसम्मति से आगामी 2 वर्षों के लिए निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलते ही सेठिया ने चित्तौड़गढ़ संघ समाज में एक नया इतिहास रच दिया। वे स्थानकवासी समाज की सबसे बड़ी संस्था श्री ओसवाल संघ के पहले से ही अध्यक्ष हैं और वर्तमान में श्री जैन दिवाकर संगठन समिति के भी अध्यक्ष हैं। इस तरह एक साथ तीन प्रमुख संस्थाओं के अध्यक्ष का दायित्व संभालने वाले वे चित्तौड़गढ़ संघ समाज के पहले व्यक्ति बन गए हैं।

आमसभा में संरक्षक मंडल से मनसुख पटवारी, सीएम रांका, प्रकाश पोसवालिया सहित वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। प्रारंभ में महामंत्री राजेश सेठिया ने पिछली आमसभा का विवरण पढ़कर सुनाया। इसके बाद कोषाध्यक्ष प्रदीप भडकतिया ने वर्ष भर का आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। खुली चर्चा में डॉ. आई.एम. सेठिया, के.एम. भडकतिया, पारस डांगी, अजीत नाहर, पवन नाहर, लक्ष्मीलाल चंडालिया, मनोहरलाल सेठिया आदि ने अपने सुझाव रखे।

अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी अभय संचेती एवं सह निर्वाचन अधिकारी ऋषभलाल सुराना, लोकेश डांगी के सान्निध्य में सम्पन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए राजेश सेठिया, के.एम. भडकतिया, प्रकाश चिप्पड़, सुवालाल सिसोदिया, मोतीलाल मेहता, सुनील बोहरा, विनीत भडकतिया, किरण डांगी आदि ने नामांकन दाखिल किया था। हालांकि संरक्षक मंडल एवं चयन समिति की आपसी सहमति और सभी सदस्यों की राय से राजेश सेठिया के नाम पर सर्वसम्मति बनी और उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।

संघ महामंत्री के रूप में राजेश सेठिया के कार्यकाल की दो सबसे बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धियां संथारा विशेषज्ञ धर्ममुनि म.सा. का ऐतिहासिक चातुर्मास चित्तौड़गढ़ में करवाना और शहर के हृदय स्थल कलेक्टर निवास के बाहर श्री दिवाकर स्तंभ का निर्माण माना जा रहा है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अभय संचेती ने नवनियुक्त अध्यक्ष राजेश सेठिया को शपथ दिलाई। इसके बाद निवर्तमान अध्यक्ष किरण डांगी ने शॉल, माला एवं पगड़ी पहनाकर उन्हें कार्यभार ग्रहण करवाया। इस अवसर पर राकेश बड़ाला, पारस बाबेल, संपत डांगी, वीरेन्द्र पगारिया, सुधीर जैन, अनिल पटवारी, कुलदीप सिरोया सहित कई वरिष्ठ श्रावक उपस्थित थे।

आगामी चातुर्मास को लेकर भी आमसभा में विचार-विमर्श किया गया। निर्णय लिया गया कि अतिशीघ्र नई कार्यकारिणी का गठन कर संघ आगामी चातुर्मास के लिए विनती करने जाएगा। राजेश सेठिया के निर्विरोध निर्वाचन के साथ श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संस्थान में आगामी 2 वर्षों के लिए नई नेतृत्व व्यवस्था तय हो गई है।

Tags: