तस्वीर में बड़ी सादड़ी पालिकाध्यक्ष चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस की ममता बाबेल और उनके समर्थक नजर आ रहे हैं।

बड़ी सादड़ी में सोमवार को नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की ममता बाबेल विजयी हुईं। कांग्रेस के सभी 13 पार्षदों ने ममता बाबेल के पक्ष में मतदान किया, जबकि भाजपा के सभी 12 पार्षदों ने भाजपा प्रत्याशी विनोद कंठालिया को वोट दिया। इस तरह दोनों दलों के पार्षदों ने पार्टी के अनुसार मतदान किया।

अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पिछले एक सप्ताह से चल रहे कयासों और प्रयासों का सोमवार को परिणाम सामने आया। दोनों प्रत्याशियों के बीच महज एक वोट का अंतर होने के कारण राजनीतिक हलकों में क्रॉस वोटिंग की संभावना की अफवाहें भी चलीं। कुछ सटोरियों ने भी बाजार में हवाबाजी की।

सोमवार सुबह भाजपा के सभी 12 पार्षद एक बस में सवार होकर मतदान स्थल पहुंचे। उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसके बाद सभी भाजपा पार्षदों ने एक साथ मतदान किया। बाद में कांग्रेस के सभी 13 पार्षद भी एक साथ पहुंचे और ममता बाबेल के पक्ष में मतदान किया।

मतदान के बाद मतगणना में तस्वीर साफ हो गई। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा ने ममता बाबेल के विजयी होने की घोषणा की और उन्हें पालिकाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई।

विजय के बाद ममता बाबेल ने कहा कि उन्होंने एक टीम भावना से लड़ा गया चुनाव जीता है। यह व्यक्तिगत जीत नहीं होकर पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की जीत है। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर नगर के विकास की योजना बनाकर काम करेंगे।

ममता बाबेल की जीत की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झाला मन्ना स्मारक पर जमकर आतिशबाजी की। कार्यकर्ताओं ने अपने नेता बद्रीलाल जाट को कंधों पर उठा लिया।

अध्यक्ष पद के चुनाव के बाद दोनों दलों के पार्षद पुनः गुप्त स्थान पर बाड़ाबंदी में चले गए। पालिका उपाध्यक्ष का चुनाव होने के बाद ही वे अपने घरों को लौट पाएंगे।

Tags: