तस्वीर में बस्सी के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मुख्य द्वार के पास खोदी गई नई नाली और निर्माण स्थल पर खड़े ग्रामीण व अधिकारी दिखाई दे रहे हैं।

कस्बे के सीनीयर सैकण्डरी स्कूल के मुख्य द्वार और आसपास के महत्वपूर्ण सरकारी विभाग कार्यालयों तक जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से बनी जल जमाव, गंदगी और बदबू की समस्या से अब लोगों को राहत मिलेगी। ग्राम पंचायत प्रशासन ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए नालियों का निर्माण शुरू कर दिया है।

ग्राम विकास अधिकारी प्रहलाद धाकड़ ने बताया कि सीनीयर सैकण्डरी स्कूल के मुख्य द्वार के सामने पानी की निकासी के लिए पाइप डाले हुए हैं। बार-बार प्लास्टिक और अन्य कचरे से पाइप चोक हो जाने के कारण जल भराव की समस्या उत्पन्न होती है। क्षेत्र में लगातार कीचड़ रहने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

अब जलदाय विभाग से लेकर स्कूल के दरवाजे तक नालियों का निर्माण किया जा रहा है। इससे पानी की निकासी आसानी से हो सकेगी और लोगों को आवागमन की परेशानी के साथ कीचड़ एवं गंदगी से भी निजात मिलेगी।



 




सीनीयर सैकण्डरी स्कूल के पास ही अस्पताल और सरकारी विभागों के कार्यालय होने से यहां लोगों की लगातार आवाजाही रहती है। वहीं स्कूली बच्चों को भी जल जमाव और कीचड़ के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग लंबे समय से की जा रही थी।

नालियों का निर्माण शुरू होने के बाद आसपास के व्यापारियों और ग्रामवासियों ने ग्राम पंचायत प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कार्य की प्रशंसा की।

ग्राम पंचायत बस्सी के प्रशासक प्रेमचन्द भोई ने कहा, "नालियों का निर्माण काम शुरू कर दिया है, जिससे आम लोगों को समस्या से निजात मिल पाएगी। बस्सी कस्बे के सभी मोहल्लों में सफाई, सड़कों और सार्वजनिक लाइट की समस्याओं को दूर करने का अभियान चलाया जाएगा। और बस्सी में विकास की कोई कमी नहीं रहेगी।"

नालियों के निर्माण से स्कूल, अस्पताल और सरकारी विभागों तक जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से बनी जल निकासी और गंदगी की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पंचायत प्रशासन ने काम शुरू कर दिया है।

Tags: