आकोला के गुरुद्वारा भील बस्ती मांगरिया में गुरु हरकिशन साहिब जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल महिलाएं।

प्रातः काल संवाददाता नन्द लाल तेली, चित्तौड़गढ़। आकोला। सिख पंथ के आठवें गुरु, श्री गुरु हरकिशन साहिब जी का पावन प्रकाश पर्व शुक्रवार को गुरुद्वारा भील बस्ती मांगरिया (अकोला) में श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया गया। प्रकाश पर्व के अवसर पर धार्मिक आयोजन के साथ सेवा और परोपकार का संदेश भी दिया गया।

गुरुद्वारा साहिब में विशेष कीर्तन दरबार सजाया गया, जिसमें संगत ने गुरुवाणी का गायन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को निहाल किया। आयोजन के दौरान गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से भील बस्ती स्थित विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पानी की टंकी और स्टैंड स्थापित करवाया गया। इसके साथ ही विद्यालय में बच्चों और उपस्थित लोगों के लिए नाश्ते के लंगर का वितरण किया गया।

सिख समाज के अध्यक्ष ने उपस्थित संगत को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु हरकिशन साहिब जी का जीवन सेवा, करुणा और परोपकार की सीख देता है। उन्होंने कहा कि गुरु हरकिशन साहिब जी के दर्शाए मार्ग पर चलते हुए समाज के हर वर्ग की सहायता के लिए तत्पर रहना चाहिए।

पावन प्रकाश पर्व के कार्यक्रम में सिख समाज के सदस्यों के साथ-साथ समस्त ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। संगत और ग्रामवासियों ने लंगर तथा सेवा कार्यों में अपना योगदान दिया। धार्मिक आस्था के साथ विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए पानी की टंकी और स्टैंड की व्यवस्था तथा लंगर वितरण ने गुरु हरकिशन साहिब जी के सेवा, करुणा और परोपकार के संदेश को जनसेवा से जोड़ा।

Tags: