तस्वीर में बड़ीसादड़ी राजकीय महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन के बाहर एबीवीपी के कार्यकर्ता और विद्यार्थी कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।

राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव पुनः बहाल करने सहित उच्च शिक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (ABVP) ने उच्च शिक्षा मंत्री श्री प्रेमचंद बैरवा जी के नाम राजकीय महाविद्यालय, बड़ीसादड़ी के प्राचार्य महोदय को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में छात्रसंघ चुनाव शीघ्र बहाल करने, सभी विश्वविद्यालयों में समान अकादमिक कैलेंडर लागू करने, रिक्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों पर नियमित नियुक्तियाँ करने, राजकीय महाविद्यालयों में नियमित प्राचार्यों की नियुक्ति करने तथा प्रदेश के विश्वविद्यालयों में राजस्थानी भाषा के स्वतंत्र विभाग स्थापित करने सहित विद्यार्थी हित से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।

इस अवसर पर नगर मंत्री शांतिलाल मेघवाल ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, संवाद कौशल एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व के अवसर से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से छात्रसंघ चुनाव शीघ्र बहाल करने तथा नियमित रूप से चुनाव करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियाँ, समयबद्ध अकादमिक कैलेंडर एवं महाविद्यालयों में नियमित प्राचार्यों की नियुक्ति अत्यंत आवश्यक है। साथ ही राजस्थान की भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए विश्वविद्यालयों में राजस्थानी भाषा के स्वतंत्र विभाग स्थापित किए जाने चाहिए।

ABVP कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थी परिषद् सदैव विद्यार्थी हित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए आवाज उठाती रही है और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

इस दौरान इकाई अध्यक्ष कन्हैया लाल खटीक, पुरण मेघवाल, कन्हैया लाल, कुनाल वैष्णव, लक्ष्यराज सिंह, निहाल सोनी, पुष्कर, पंकज, संगीता मीणा, माया मीणा सहित अन्य विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags: