बड़ी सादड़ी के जरखाना मोड़ पर 10वें वर्ष निशुल्क राम रसोड़े का शुभारंभ, जातरुओं को मिलेगी सेवा
बड़ी सादड़ी के जरखाना मोड़ पर रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 10वें वर्ष निशुल्क राम रसोड़ा शुरू, भोजन और विश्राम की सुविधा मिलेगी।
तस्वीर में बड़ीसादड़ी के जरखाना मोड़ पर स्थित राम रसोड़े के शुभारंभ अवसर पर बाबा रामदेव की तस्वीर के समक्ष हाथ जोड़कर खड़े समिति के सदस्य और ग्रामीणजन।
बड़ीसादड़ी क्षेत्र के जरखाना मोड़ पर रामदेवरा (रुणिचा धाम) जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं के लिए शनिवार को निशुल्क राम रसोड़े का शुभारंभ किया गया। स्थानीय ग्रामीणों, भामाशाहों और दानदाताओं के सहयोग से हर वर्ष की तरह इस बार भी पैदल यात्रियों के लिए सेवा शिविर लगाया गया है।
राम रसोड़े का संचालन जय बाबा रामदेव राम रसोड़ा सेवा समिति की ओर से किया जा रहा है। यहां रामदेवरा जाने वाले जातरुओं को भोजन, प्रसाद, चाय-नाश्ता और विश्राम सहित विभिन्न सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
समिति सदस्यों ने बाबा रामदेव की तस्वीर के समक्ष पूजा-अर्चना कर राम रसोड़े का विधिवत शुभारंभ किया। समिति के अनुसार यह आयोजन लगातार 10वें वर्ष किया जा रहा है और इसका संचालन आगामी भादवी बीज तक किया जाएगा।
राम रसोड़े में जातरुओं के लिए सुबह-शाम भोजन, चाय-नाश्ता और प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। यात्रियों के ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जरूरत पड़ने पर प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।
लंबी दूरी तय कर रामदेवरा जाने वाले पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए राम रसोड़ा स्थल से करीब 500 मीटर आगे अलग से ठहरने की व्यवस्था की गई है। इससे थके हुए जातरुओं को आराम करने में राहत मिलेगी।
समिति सदस्यों ने बताया कि पैदल रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा को बाबा रामदेव के प्रति आस्था और मानव सेवा का माध्यम माना गया है। शुभारंभ अवसर पर समिति के सदस्यों और ग्रामीणजन मौजूद रहे। उन्होंने रामदेवरा जाने वाले सभी जातरुओं का स्वागत किया और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से राम रसोड़े की निशुल्क सेवाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।