बड़ी सादड़ी नगर कांग्रेस की बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन, दो युवाओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
बड़ीसादड़ी नगर कांग्रेस की बैठक में नगर निकाय चुनाव 2026 की रणनीति पर चर्चा हुई। बद्रीलाल जाट ने पारदर्शी टिकट वितरण और चेयरमैन चयन की बात कही, वहीं दो युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
तस्वीर में बड़ीसादड़ी नगर कांग्रेस बैठक के दौरान विधानसभा प्रत्याशी बद्रीलाल जाट और अन्य नेता नजर आ रहे हैं।
बड़ीसादड़ी। आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर बड़ीसादड़ी नगर कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक बड़ीसादड़ी विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी बद्रीलाल जाट के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। इसमें नगर निकाय चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती, वार्डवार रणनीति और कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने को लेकर वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को गति देने का आह्वान किया गया। विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी बद्रीलाल जाट ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बड़ीसादड़ी नगर पालिका में हर बार बोर्ड गठन के दौरान जिस प्रकार भ्रष्टाचार और खरीद-फरोख्त की चर्चाएं होती रही हैं, इस बार कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव लड़ेगी। पार्षद पद के टिकट पार्टी द्वारा नियुक्त प्रभारियों के सर्वे और कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर ही वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर पालिका में कांग्रेस के निर्वाचित पार्षद लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत आपसी सहमति से अपने बीच से ही नगर पालिका चेयरमैन का चुनाव करेंगे। कांग्रेस का उद्देश्य स्वच्छ, पारदर्शी और जनहितकारी बोर्ड का गठन करना है।
बैठक के दौरान बड़ीसादड़ी नगर के दो युवा साथी अजय सिंह सिसोदिया एवं कृष्पाल सिंह राठौड़ ने भारतीय जनता पार्टी छोड़कर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। मुख्य अतिथि एवं उपस्थित नेताओं ने दोनों युवाओं का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर कांग्रेस संगठन में नवीन दायित्व प्राप्त करने वाले हेमंत दमामी, नगर अध्यक्ष, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन; दीपक रावत, नगर अध्यक्ष, अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस; एवं भागीरथ रेगर, नगर अध्यक्ष, अनुसूचित जाति विभाग का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व चेयरमैन बिहारीलाल चौधरी, बड़ीसादड़ी ब्लॉक अध्यक्ष लाल सिंह जाट, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अभय मेहता, जिला महासचिव जगदीश टेलर, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन डूंगला ब्लॉक अध्यक्ष संग्राम सिंह, पूर्व चेयरमैन दिलीप चौधरी, रणजीत सिंह झाला तथा नगर निकाय चुनाव प्रभारी संदीप नागोरी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने तथा जनहित की राजनीति को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक में चुनावी तैयारियों के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और वार्डवार रणनीति के जरिए चुनावी अभियान को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।