तस्वीर में बाईं ओर श्रद्धालुओं की भीड़ और सजी हुई गली, दाईं ओर फूलों से सजी महादेव की प्रतिमा दिखाई दे रही है।

बड़ी सादड़ी नगर में महादेव जी की गली स्थित श्री मंशापूर्ण महादेव मंदिर पर सावन माह के अंतिम सोमवार को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। पूरे सावन माह के दौरान मंदिर में श्री मंशापूर्ण महादेव समिति एवं सभी मोहल्लेवासियों की सहभागिता से विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। अंतिम सोमवार को निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और मार्गभर श्रद्धा व भक्ति का माहौल बना रहा।

सावन माह के दौरान प्रत्येक सोमवार को सायंकाल महादेव जी की अलग-अलग दिव्य झांकियां सजाई गईं। हर सोमवार को भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजन शामिल हुए। मंदिर सहित पूरे मोहल्ले को विभिन्न प्रकार की रोशनी से सजाया गया था।

सावन के अंतिम सोमवार को सायंकाल 4:00 बजे आरती के पश्चात महादेव जी की भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे घोड़े पर एक बालक महादेव का रूप धारण कर बैठा था। इसके बाद मशीन के द्वारा शोभायात्रा पर भव्य पुष्पवर्षा की जा रही थी। महादेव जी की झांकी के आगे युवा वर्ग ढोल की थाप पर हर-हर महादेव के नारे लगाते हुए नाचते-गाते चल रहा था। शोभायात्रा के अंत में ढोल और बैंड की धुन पर माता-बहनें भी आनंद के साथ शामिल हुईं।

शोभायात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नगरवासियों ने शीतल पेय, प्रसाद और पुष्पवर्षा से भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा पुनः श्री मंशापूर्ण महादेव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यहां भव्य महाआरती का आयोजन किया गया और सभी भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया गया।

महाआरती में पूज्य संत अनंत राम जी महाराज उपस्थित रहे। धर्मसभा को संबोधित करते हुए महाराज जी ने कहा कि धर्म का मार्ग युवाओं की ऊर्जा का रचनात्मक उपयोग संभव बनाता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग धर्म के मार्ग का अनुसरण करते हुए देश और समाज के हित में रचनात्मक कार्यों में लगाना चाहिए।

पूज्य संत अनंत राम जी महाराज ने श्री मंशापूर्ण महादेव मंदिर समिति एवं युवा शक्ति को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सभी इसी प्रकार निस्वार्थ बुद्धि से धर्म का कार्य करते रहें। कार्यक्रम के अंत में श्री मंशापूर्ण महादेव मंदिर समिति ने सभी सहयोगकर्ताओं, भामाशाहों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Tags: