बड़ी सादड़ी: विकसित भारत जन सेवा शिविर में मौके पर निपटे लंबित मामले
उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की स्वीकृति और अनुदान राशि सौंपी गई।
बड़ी सादड़ी कार्यालय में अधिकारी ग्रामीण को सरकारी दस्तावेज सौंपते हुए।
बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत गिरदावल मुख्यालयों पर आयोजित शिविरों में विभागीय योजनाओं का लाभ देने के साथ लंबित प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में बड़ी सादड़ी पंचायत समिति मुख्यालय और पारसोली अटल सेवा केंद्र पर शिविर आयोजित हुए।
शिविरों में विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा, नायब तहसीलदार सूर्य प्रकाश गाछा, अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमराज मीणा, सहायक अभियंता अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड अजय सिंह, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जगदीश चंद्र धाकड़, डॉ. भावेश चंपावत, भगवत सिंह शक्तावत सहित सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बड़ी सादड़ी में आयोजित शिविर में राजस्व विभाग के समक्ष सलीम नामक युवक का नाम शुद्धिकरण का आवेदन आया। आवेदन स्वीकार करते हुए मौके पर ही नाम का शुद्धिकरण किया गया और सलीम मोहम्मद कर दिया गया।
पशुपालन विभाग की ओर से डॉक्टर राजू विनके की टीम ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत तीन पॉलिसियां जारी कीं। इनमें आशा वैष्णव, पार्वती बाई और परसराम की पॉलिसियां शामिल हैं। पॉलिसियां जारी होने पर लाभार्थियों की खुशी देखते बनी।
दूसरी ओर, गिरदावल मुख्यालय पारसोली में आयोजित शिविर में कृषि विभाग की सिंचाई परियोजना के लिए पीवीसी पाइपलाइन अनुदान योजना के तहत उदयलाल पिता बाबरू मीणा को 15,000 रुपये की अनुदान राशि दी गई। अनुदान मिलने से उदयलाल की खुशी दोगुनी हो गई। शिविर में किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
शिक्षा एवं महिला बाल विकास विभाग से संबंधित पालनहार योजना के लंबित प्रकरणों की संख्या 17 सितंबर को 2000 थी, जो घटकर 160 रह गई है। शेष लंबित प्रकरणों में मोबाइल कनेक्टिविटी का अभाव, अभिभावकों द्वारा सिम बदल लेना अथवा सिम की इनकमिंग-आउटगोइंग सुविधाएं बंद होने के कारण दिक्कत आ रही है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा ने शिक्षा विभाग और महिला बाल विकास विभाग को योजना बनाकर शेष पालनहार के लंबित प्रकरणों को समाप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कल से सघन अभियान चलाकर घर-घर संपर्क किया जाए और पालनहार के प्रकरणों को शून्य किया जाए। शिविरों में मौके पर आवेदन स्वीकार करने से लेकर योजनाओं का लाभ देने और लंबित प्रकरणों के निस्तारण तक प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई जारी रही।