बड़ी सादड़ी उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खरदेवला में पंचायत आम चुनाव 2026 के तहत आयोजित स्वीप कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अधिकारियों को संबोधित करते स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत व अन्य सदस्य।   

बड़ी सादड़ी में पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। स्वीप टीम की ओर से बाल सभाओं, रोड शो, रैलियों, संवाद कार्यक्रमों और खेल सभाओं के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। आधा दर्जन से अधिक ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों के जरिए चुनाव आयोग के शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य का संदेश गली-गली, गांव-गांव, ढाणी-ढाणी और मजरे-मजरे तक पहुंचाया जा रहा है।

बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में विद्यालय स्तर पर आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पंचायत आम चुनाव 2026 में अधिकतम मतदान सुनिश्चित करना है। आगामी 14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा 16 नवंबर को पंच और सरपंच के चुनाव होंगे। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है।

स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि आज बडवल, खरदेवला, पिण्ड और भाटोली कचूमरा सहित आधा दर्जन से अधिक ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों तक यह संदेश पहुंचाया गया कि चुनाव आयोग के शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है। शक्तावत के नेतृत्व में रैलियों, रोड शो, वोट चौपाल और चुनावी बाल सभाओं के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भगवत सिंह शक्तावत ने मतदान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को “वोट हमारी जिम्मेदारी”, “सारे काम छोड़कर सबसे पहले वोट दो”, “ना नोट पर दारू पर वोट पड़ेगा, मतदाता की आत्मा की आवाज पर” और “शत प्रतिशत हो मतदान, लोकतंत्र की यही पहचान” जैसे नारों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।

इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों से अपने प्रत्यक्ष मतदाता परिजनों दादा-दादी, ताऊ-ताई, माता-पिता, चाचा-चाची, भैया-भाभी के साथ-साथ अप्रत्यक्ष मतदाता परिजनों नाना-नानी, मामा-मामी, मौसी, बुआ, फूफा, जीजा और जीजी को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। विद्यार्थियों को अपने परिजनों को मतदान के लिए प्रेरित करने और उन्हें वोट डालने का संकल्प दिलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

शक्तावत ने कहा कि चुनाव आयोग ने विद्यालयों के विद्यार्थियों को सुपर स्टार प्रचारक माना है। ऐसे में इस भूमिका पर खरा उतरना सभी विद्यार्थियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से मतदान का संदेश प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के निर्देशानुसार चल रहे इस अभियान का संचालन जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम के प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में किया जा रहा है। रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में तथा खंड स्वीप टीम के प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा, सह प्रभारी अधिकारी खेमराज मीणा और जगदीश चंद्र धाकड़, खंड मुख्य शिक्षा अधिकारी के सानिध्य में टीम मतदाताओं को जागरूक करने के लिए सक्रिय है।

अभियान के दौरान टीम के सहयोगी सदस्यों कैलाश चंद्र रावत, रामेश्वर लाल मेघवाल, शंभू लाल अहीर, हुसैन बोहरा और शारिक मंसूरी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य पुराण मल दमामी और हीरा लाल सालवी मौजूद रहे। खेलकूद आयोजन समिति के संयोजक सुभाष बुनकर, सह संयोजक नारायण लाल अग्रवाल और कैलाश चंद्र मालू के साथ जिले से आए निर्णायक मंडल तथा विद्यालयों के समस्त स्टाफ ने भी कार्यक्रमों में भाग लिया।

बड़ी सादड़ी में स्वीप टीम का यह अभियान पंचायत आम चुनाव 2026 से पहले मतदाताओं तक मतदान का संदेश पहुंचाने और विद्यार्थियों को जागरूकता अभियान से जोड़ने पर केंद्रित है। रैलियों, रोड शो, बाल सभाओं और संवाद कार्यक्रमों के जरिए चुनाव आयोग के शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags: